गणेश गोदियाल ने दूसरी बार संभाला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पद, 2027 चुनावों में जीत का संकल्प दोहराया
देहरादून | The Mountain Stories
उत्तराखंड कांग्रेस को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने रविवार शाम देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, निवर्तमान अध्यक्ष करण माहरा सहित कई वरिष्ठ नेता और विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। पदभार ग्रहण से पहले गोदियाल दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात कर संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा कर चुके हैं।
गणेश गोदियाल दूसरी बार बने प्रदेश अध्यक्ष
कांग्रेस हाईकमान ने केसी वेणुगोपाल के माध्यम से आदेश जारी कर गणेश गोदियाल को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इससे पहले वे 22 जुलाई 2021 से 10 अप्रैल 2022 तक इस दायित्व का निर्वहन कर चुके हैं।
नई नियुक्तियों में—
- प्रीतम सिंह को प्रचार समिति का अध्यक्ष
- डॉ. हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष
- निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा को कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
कार्यक्रम में दिखी एकजुटता, 2027 विधानसभा चुनाव जीत का लक्ष्य
पदभार ग्रहण समारोह में मंच से सभी वरिष्ठ नेताओं ने एकजुटता का संदेश दिया और 2027 के विधानसभा चुनावों को मजबूती से लड़ने का संकल्प लेते हुए भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किया। कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखा गया।
गोदियाल का भाजपा पर हमला — “साढ़े आठ साल में सरकार के कपड़ों में जूं पड़ गई”
अपनी पहली औपचारिक संबोधन में गणेश गोदियाल ने तीखे शब्दों में भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा—
- “राज्य की जनता परिवर्तन के मूड में है।”
- “साढ़े आठ साल से जो कपड़े सरकार ने पहने हैं, उनमें जूं पड़ गई है, अब धुलाई जरूरी है।”
- “राजनीति कोई अछूत विषय नहीं, इसे सुचिता की राह पर लाना ही हमारा लक्ष्य है।”
उन्होंने दावा किया कि 2027 में कांग्रेस सत्ता में लौटकर जनता के सपनों को पूरा करेगी।
आंतरिक मतभेद और चुनौतियों पर गोलमोल नहीं—‘सोशल इंजीनियरिंग की जरूरत है’
पार्टी के भीतर लगातार उठ रही असंतोष की आवाज़ पर गोदियाल ने स्वीकारा कि कांग्रेस को सोशल इंजीनियरिंग की जरूरत है और भविष्य में सभी नेता मिलकर इस दिशा में कदम उठाएंगे।
बिहार में कांग्रेस की हार पर उन्होंने कहा कि “बिहार और उत्तराखंड की परिस्थितियों में जमीन–आसमान का अंतर है। यहां के लोग साक्षर और जागरूक हैं—वे समझदारी से वोट देते हैं।”
पार्टी छोड़कर गए नेताओं पर संकेत—‘विश्वास लौटेगा तो वापसी के रास्ते खुले’
पार्टी छोड़कर जाने वालों पर जवाब देते हुए गोदियाल ने कहा कि
“गुण-दोष के आधार पर मत गिने जाते हैं। जिन लोगों का पार्टी में पुनः विश्वास लौटेगा, उनके लिए रास्ते खुले रहेंगे।”
करण माहरा बोले—‘2027 में कांग्रेस को फायदा दिलाएंगे गोदियाल’
निवर्तमान अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि
- “गणेश गोदियाल बेहद सुलझे नेता हैं, उन्होंने पहले भी पार्टी को मजबूती दी है।”
- “2027 में कांग्रेस को लाभ मिलेगा और वे कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे।”
CWC में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए जाने पर माहरा ने हाईकमान का आभार जताया और कहा कि अब राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड की समस्याओं को उठाने का प्रयास करेंगे।
