देहरादून मच्छी बाजार में 23 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Our News, Your Views

देहरादून मच्छी बाजार में 23 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मच्छी बाजार इलाके में सोमवार सुबह एक 23 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार मृतका का नाम गुंजन (उर्फ गुन्नू) बताया गया है। वह दूल्हा मार्केट क्षेत्र में एक कपड़ों की दुकान में पिछले 5–6 वर्षों से काम कर रही थी। सोमवार सुबह वह घर के बाहर से गुजर रही थी, तभी बाइक सवार एक युवक उससे बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान अचानक युवक ने चापड़ (धारदार हथियार) निकालकर युवती के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल गुंजन को तत्काल दून चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमला इतना निर्मम था कि युवती मौके पर ही गिर पड़ी।

आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपी की पहचान आकाश कुमार (27 वर्ष) पुत्र कोमल राम, निवासी 46 मन्नूगंज, खुड़बुड़ा मोहल्ला, कोतवाली नगर देहरादून के रूप में की है। पुलिस ने उसे नगर कोतवाली क्षेत्र से ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पहले से कर रहा था पीछा, धमकी भी दी थी
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आकाश कुमार पिछले कई दिनों से गुंजन का पीछा कर रहा था। दोनों के बीच पहले दोस्ती थी, लेकिन आरोपी की शादी के बाद गुंजन ने उससे बातचीत बंद कर दी थी। इसके बाद भी आरोपी उसका पीछा करता रहा। दो दिन पहले उसने गुंजन को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसको लेकर गुंजन ने खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत भी दर्ज कराई थी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपी के हौसले बुलंद हो गए। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों ने आक्रोश में बाजार बंद कर दिए और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।

पांच दिनों में तीसरी हत्या से दहशत
देहरादून जिले में बीते पांच दिनों के भीतर यह तीसरी हत्या की वारदात है।

  • 29 जनवरी को विकासनगर क्षेत्र में 18 वर्षीय छात्रा की निर्मम हत्या हुई थी।

  • 31 जनवरी को ऋषिकेश में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
    इन घटनाओं से आम लोगों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ गया है।

पुलिस का कहना है कि इस मामले में हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी को सख्त सजा दिलाने के लिए ठोस साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।


Our News, Your Views