कोटद्वार में दुकान नाम विवाद ने पकड़ा सियासी रंग, राहुल गांधी का ट्वीट— “दीपक भारत के हीरो हैं”

Our News, Your Views

कोटद्वार में दुकान नाम विवाद ने पकड़ा सियासी रंग, राहुल गांधी का ट्वीट— “दीपक भारत के हीरो हैं”

कोटद्वार (उत्तराखंड):
कोटद्वार के पटेल मार्ग पर एक कपड़े की दुकान के नाम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस प्रकरण में एक्स (पूर्व ट्विटर) पर ट्वीट कर मोहम्मद दीपक का खुलकर समर्थन किया है और उन्हें “भारत का हीरो” बताया है।

राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा—

“उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो हैं। दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं। उस संविधान के लिए जिसे बीजेपी और संघ परिवार रोज़ रौंदने की साजिश कर रहे हैं। वे नफरत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान का जीवित प्रतीक हैं। सत्ता को यही सबसे ज़्यादा चुभता है। हमें और दीपकों की ज़रूरत है जो झुकें नहीं, डरें नहीं और संविधान के साथ खड़े रहें। हम तुम्हारे साथ हैं भाई, डरो मत।”

बजरंग दल के हंगामे के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट
शनिवार को देहरादून और हरिद्वार से आए बजरंग दल कार्यकर्ताओं के हंगामे के बाद कोटद्वार पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बीते दो दिनों से रात के समय पुलिस फ्लैग मार्च कर रही है। खुफिया तंत्र भी सक्रिय कर दिया गया है।

दूसरे पक्ष से जुड़े लोगों के बाहरी राज्यों से कोटद्वार पहुंचने की आशंका को देखते हुए कौड़िया स्थित यूपी-यूके बॉर्डर पर हर आने-जाने वाले वाहन की सघन चेकिंग की जा रही है। जिलेभर से कई पुलिस अधिकारियों को कोटद्वार बुलाया गया है और दो प्लाटून पीएसी भी तैनात की गई है।

26 जनवरी की घटना से भड़का विवाद
बताया जा रहा है कि 26 जनवरी को कोटद्वार में बजरंग दल कार्यकर्ताओं और एक कपड़ा दुकानदार के समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई थी। इसके बाद एक युवक का वीडियो वायरल हुआ, जिसे लेकर आक्रोशित बजरंग दल के कार्यकर्ता शनिवार को बड़ी संख्या में कोटद्वार पहुंचे और पहले पटेल मार्ग, फिर मालवीय उद्यान में हंगामा किया।

पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की तहरीर पर जांच चल रही है। बजरंग दल कार्यकर्ता अपने को “मोहम्मद दीपक” बताने वाले जिम संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

जिम संचालकों से पूछताछ, प्रशासन सख्त
रविवार को हरिद्वार और देहरादून से तीन-चार जिम संचालक युवक दीपक से मिलने कोटद्वार पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें संदिग्ध मानते हुए थाने लाकर पूछताछ की और बाद में छोड़ दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दीपक को भी थाने बुलाकर पूछताछ की।

कोतवाल प्रदीप नेगी ने कहा कि बाहरी क्षेत्रों से आकर माहौल बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

दीपक की सुरक्षा की मांग, डीजीपी को पत्र
जमीअत उलेमा-ए-हिंद उत्तराखंड ने डीजीपी को पत्र लिखकर दीपक कुमार को सुरक्षा देने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि 26 जनवरी को एक मुस्लिम दुकानदार पर हुए हमले के दौरान दीपक ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई थी। अब उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।

जमीअत के प्रदेश महासचिव मौलाना शराफत अली कासमी ने कहा कि दीपक ने मानवीय और संवैधानिक दायित्व निभाते हुए हिंसा का विरोध किया, लेकिन इसके बदले उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। 31 जनवरी को बाहरी लोगों ने उनके जिम पर तोड़फोड़ का प्रयास भी किया।

उपाध्यक्ष मुफ्ती रईस अहमद कासमी ने डीजीपी से मांग की है कि तोड़फोड़ और हंगामा करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।


Our News, Your Views