मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का समापन, 1.62 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
देहरादून: उत्तराखंड में 23 दिसंबर 2025 से शुरू हुई मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का भव्य समापन युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल निदेशालय के मिनी ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के साथ हुआ। कार्यक्रम में पुष्कर सिंह धामी ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और प्रतियोगिता के पहले संस्करण को प्रदेश के खेल इतिहास में महत्वपूर्ण कदम बताया।

राज्यभर में बहु-स्तरीय आयोजन
मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी की शुरुआत 23 दिसंबर 2025 को हरिद्वार के सालिमपुर न्याय पंचायत स्थित खेल मैदान से हुई थी। प्रतियोगिता का आयोजन न्याय पंचायत स्तर, विधानसभा स्तर, संसदीय स्तर और राज्य स्तर पर किया गया।
इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 662 न्याय पंचायत, 70 विधानसभा क्षेत्र और पांच संसदीय क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
1.62 लाख से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी
ट्रॉफी में कुल 1,62,413 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें
-
1,01,444 पुरुष खिलाड़ी
-
60,966 महिला खिलाड़ी
-
217 दिव्यांग खिलाड़ी शामिल रहे।
वर्गवार भागीदारी:
-
अंडर-14: 82,510 खिलाड़ी
-
अंडर-19: 79,686 खिलाड़ी
-
दिव्यांग वर्ग: 217 खिलाड़ी
स्तरवार भागीदारी:
-
न्याय पंचायत स्तर: 1,19,785 खिलाड़ी
-
विधानसभा स्तर: 19,784 खिलाड़ी
-
संसदीय स्तर: 12,616 खिलाड़ी
-
राज्य स्तर: 10,628 खिलाड़ी
खिलाड़ियों के लिए संभावित नई घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान खेल मंत्री रेखा आर्य ने खिलाड़ियों से संबंधित तीन प्रस्तावों का पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा। इनमें:
-
प्रशिक्षण एवं चैंपियंस ट्रॉफी खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल निर्माण
-
खिलाड़ियों के लिए भोजन दरों में वृद्धि
-
मुख्यमंत्री खेल क्लब की स्थापना
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रस्तावों का परीक्षण कराया जाएगा और उसके बाद इन्हें सीएम घोषणाओं में शामिल किया जाएगा।
खिलाड़ियों को मिला मंच
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के माध्यम से प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच मिला है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश के हर बच्चे और खिलाड़ी को आगे बढ़ने का समान अवसर मिले।
