मार्च की शुरुआत में ही तपने लगा उत्तराखंड, देहरादून में तापमान सामान्य से 8 डिग्री अधिक

Our News, Your Views

मार्च की शुरुआत में ही तपने लगा उत्तराखंड, देहरादून में तापमान सामान्य से 8 डिग्री अधिक

देहरादून: मार्च की शुरुआत के साथ ही उत्तराखंड में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बीते कुछ दिनों में मैदानी इलाकों में बादल छाने और पहाड़ी क्षेत्रों में कोहरे के कारण बारिश की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। नतीजतन मार्च के दूसरे सप्ताह में ही तापमान ने नए रिकॉर्ड बनाना शुरू कर दिए हैं।

मौसम के आंकड़ों पर नजर डालें तो बृहस्पतिवार को देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब आठ डिग्री अधिक बढ़कर 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री अधिक बढ़कर 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहा। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से आठ डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है।

प्रदेश के अन्य इलाकों में भी तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 13 मार्च को भी प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिसके चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बने रहने की आशंका है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में 17 मार्च तक प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

इस बीच जहां एक ओर मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है, वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का अलग ही मिजाज देखने को मिला। बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों पर बृहस्पतिवार को जमकर बर्फबारी हुई। इससे पहले भी दो दिन पहले धाम में बर्फबारी हुई थी।

बृहस्पतिवार को सुबह से ही जिले में मौसम बदला हुआ था। हालांकि निचले इलाकों में बारिश नहीं हुई, लेकिन बदरीनाथ की चोटियां ताजा बर्फ से सफेद हो गईं। बर्फबारी के बाद धाम का मौसम खुशनुमा हो गया है, हालांकि ठंड में भी काफी इजाफा महसूस किया जा रहा है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मार्च के शुरुआती दिनों में तापमान का इस तरह बढ़ना जलवायु के बदलते पैटर्न की ओर भी संकेत करता है, हालांकि आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है।


Our News, Your Views