उत्तराखंड सरकार ने विधायक निधि के लिए जारी किए 375 करोड़ रुपये

Our News, Your Views

उत्तराखंड सरकार ने विधायक निधि के लिए जारी किए 375 करोड़ रुपये

देहरादून। Pushkar Singh Dhami सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विधायक निधि योजना के तहत 375 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। प्रदेश के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों को अपनी-अपनी विधानसभा में विकास कार्य कराने के लिए पांच-पांच करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार विधायक निधि का उपयोग केवल पूंजीगत एवं निर्माण कार्यों में ही किया जा सकेगा। इस निधि से किसी भी प्रकार का राजस्व व्यय नहीं किया जाएगा। विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में कराए जाने वाले विकास कार्यों के प्रस्ताव मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को भेजेंगे। साथ ही विधायक की अनुमति के बिना कार्यस्थल में बदलाव नहीं किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुमोदन और वित्त विभाग की स्वीकृति के बाद अपर सचिव ग्राम्य विकास अनुराधा ने निधि जारी करने के आदेश जारी किए हैं। योजना के तहत कराए जाने वाले सभी कार्यों की अनिवार्य रूप से जियो टैगिंग की जाएगी। इसके अलावा कार्यों की स्वीकृति, व्यय और भुगतान संबंधी जानकारी के लिए ऑनलाइन पोर्टल भी विकसित किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि विधायक निधि का उपयोग दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में नहीं किया जा सकेगा। हालांकि आपदा की स्थिति में विधायक अपनी निधि की 10 प्रतिशत तक राशि अन्य प्रभावित क्षेत्रों में खर्च कर सकेंगे।

प्रदेश सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था से स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति मिलेगी और योजनाओं की निगरानी अधिक प्रभावी तरीके से हो सकेगी।


Our News, Your Views