अल्मोड़ा दौरे पर मुख्यमंत्री धामी ने दी 138 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात
अल्मोड़ा। Pushkar Singh Dhami ने बुधवार को अल्मोड़ा दौरे के दौरान जनपद को 138.09 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने Soban Singh Jeena Kumaun University के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन और कुलपति आवास का लोकार्पण भी किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 17 योजनाओं का लोकार्पण तथा 9 योजनाओं का शिलान्यास शामिल रहा। समारोह में विश्वविद्यालय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
आवास विकास विभाग की ओर से अल्मोड़ा नगर में भैरव मंदिर, केमू स्टेशन और जीआईसी क्षेत्र में निर्मित तीन पार्किंग योजनाओं का लोकार्पण किया गया। करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इन परियोजनाओं से नगर क्षेत्र में पार्किंग सुविधा बढ़ने और यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
पेयजल विभाग की दो योजनाओं के माध्यम से 19 राजस्व गांवों को पेयजल सुविधा से जोड़ा गया। वहीं ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तीन सड़क उन्नयन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें शीतलाखेत-दौलाघट-कठपुडिया, सोनी-तिताली खेत और रानीखेत-बुचड़ी-पंतकोटुली-गगास मोटर मार्गों सहित कुल 34.10 किलोमीटर सड़क सुधार कार्य पूरे किए गए।
सिंचाई विभाग की चार योजनाओं के तहत चौखुटिया और स्याल्दे क्षेत्रों में बाढ़ सुरक्षा कार्यों का लोकार्पण किया गया। इन योजनाओं के माध्यम से भवनों, पुलों और कृषि भूमि की सुरक्षा से जुड़े कार्य किए गए हैं। इसके अलावा गोबिंदपुर दौलाघट में मिनी बैराज तथा दन्या बाजार स्थित सैम देवता मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।
लोक निर्माण विभाग की सात योजनाओं के तहत विभिन्न मोटर मार्गों के डामरीकरण, सुधार और मरम्मत कार्यों का शिलान्यास किया गया। शिक्षा विभाग के अंतर्गत सारकोट विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्य का लोकार्पण तथा चौखुटिया स्थित महाकालेश्वर विद्यालय में नए कक्षा कक्षों के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया गया।
चिकित्सा विभाग की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा में चिकित्सा अधिकारियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया। वहीं प्राविधिक शिक्षा विभाग के तहत राजकीय पॉलिटेक्निक अल्मोड़ा में छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित कार्यों की शुरुआत भी की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास, सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
