चारधाम यात्रा 2026: तीर्थयात्रियों की सेहत पर सरकार की खास नजर, रियल-टाइम मॉनिटरिंग और 177 एंबुलेंस तैनात

Our News, Your Views

चारधाम यात्रा 2026: तीर्थयात्रियों की सेहत पर सरकार की खास नजर, रियल-टाइम मॉनिटरिंग और 177 एंबुलेंस तैनात

देहरादून:
आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने इस बार स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। यात्रा पर आने वाले प्रत्येक तीर्थयात्री के स्वास्थ्य की ‘ई-स्वास्थ्य धाम’ पोर्टल के माध्यम से रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य इस बार “स्वस्थ और सुरक्षित चारधाम यात्रा” सुनिश्चित करना है। इसके लिए यात्रा मार्गों, प्रमुख पड़ावों और चारधाम स्थलों पर स्थायी और अस्थायी चिकित्सा इकाइयों को पूरी तरह सुसज्जित किया जा रहा है।

यात्रा के दौरान आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए 177 एंबुलेंस तैनात रहेंगी, जिससे न्यूनतम रिस्पांस टाइम सुनिश्चित किया जा सके। इसके अलावा हेली एंबुलेंस और टिहरी क्षेत्र में एक बोट एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है, जिसका संचालन एम्स ऋषिकेश के माध्यम से किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यात्रा मार्गों पर 25 मेडिकल रिलीफ पोस्ट और 33 हेल्थ स्क्रीनिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर तीर्थयात्रियों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी, विशेषकर उच्च हिमालयी क्षेत्रों में होने वाली समस्याओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

मानव संसाधन की बात करें तो यात्रा के दौरान 16 विशेषज्ञ चिकित्सक, 46 मेडिकल ऑफिसर और 85 पैरामेडिकल स्टाफ को 15 दिन के रोस्टर के आधार पर तैनात किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 100 ‘स्वास्थ्य मित्र’ भी विभिन्न स्थानों पर सहायता के लिए मौजूद रहेंगे।

सरकार का मानना है कि इन व्यवस्थाओं से न केवल तीर्थयात्रियों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिलेगी, बल्कि यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने में भी मदद मिलेगी।


Our News, Your Views