उत्तराखंड सरकार राज्य के अतिथि गृहों को आधुनिक और आकर्षक बनाने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को सर्किट हाउस एनेक्सी में प्रस्तावित नवीनीकरण कार्य को लेकर स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण की अध्यक्षता आवास व राज्य संपत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने की, जहां उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लोकसंस्कृति और आधुनिकता का संगम बनेगा गेस्ट हाउस
निरीक्षण के दौरान यह निर्णय लिया गया कि सर्किट हाउस एनेक्सी को केवल मरम्मत तक सीमित न रखते हुए इसे उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और आधुनिक सुविधाओं के समन्वय के रूप में विकसित किया जाएगा। विशेष रूप से मीटिंग हॉल के नवीनीकरण के साथ उसकी दीवारों पर प्रदेश की लोक संस्कृति को दर्शाने वाली पेंटिंग्स लगाई जाएंगी, जिससे आगंतुकों को राज्य की समृद्ध परंपरा की झलक मिल सके।
पहले चरण में कमरों और डोरमैट्री का कायाकल्प
नवीनीकरण कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। पहले चरण में मुख्य भवन के कक्ष संख्या 1 से 12 (भूतल और प्रथम तल) का कायाकल्प किया जाएगा। इसके साथ ही डोरमैट्री के भूतल पर स्थित कक्ष संख्या 19 से 22 तक के कमरों को भी आधुनिक सुविधाओं और बेहतर साज-सज्जा के साथ विकसित किया जाएगा।
बेहतर लाइटिंग और खुले लॉन पर जोर
निरीक्षण के दौरान कोरिडोर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, डोरमैट्री कक्षों से सटे लॉन क्षेत्र में खुलापन बढ़ाने के लिए बाउंड्री हटाने की योजना भी बनाई गई है, जिससे परिसर अधिक खुला और आकर्षक दिख सके।
दूसरे चरण में विस्तार और नई सुविधाएं
द्वितीय चरण में गेस्ट हाउस परिसर के विस्तार की संभावनाओं पर कार्य किया जाएगा। इसके अलावा अतिथियों की सुविधा के लिए नए गद्दों की खरीद और प्रत्येक कक्ष में डीटीएच कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सरकार की प्राथमिकता में आधुनिक अतिथि गृह
आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार राज्य के अतिथि गृहों को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि यह नवीनीकरण केवल ढांचागत सुधार नहीं, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त रूप से प्रस्तुत करने का प्रयास भी है।
