14 अप्रैल को पीएम मोदी के दौरे और एक्सप्रेस-वे लोकार्पण को लेकर प्रशासन अलर्ट
देहरादून, 13 अप्रैल।
प्रधानमंत्री Narendra Modi के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को अंतिम समय तक सतर्क एवं समन्वित रहने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी जोनल अधिकारी अपने-अपने सेक्टर एवं नोडल अधिकारियों को दायित्वों के प्रति स्पष्ट रूप से ब्रीफ करें, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। साथ ही, सभी अधिकारियों को एक बार पुनः स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा पर विशेष फोकस
लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल और पेयजल विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ सेफ्टी सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम स्थल पर मुख्य मंच की व्यवस्थाओं को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। डाइस प्लान, एनएचएआई के माध्यम से एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण, एंकरिंग, साउंड सिस्टम, एलईडी और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है। ग्रीन रूम में इंटरनेट, फैक्स लाइन और प्रोटोकॉल के अनुरूप सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
पंडाल, पार्किंग और चिकित्सा सेवाएं दुरुस्त
पंडाल में अतिथियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, जलपान, वाहन पार्किंग, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, कार्यक्रम स्थल पर आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को उच्चतम स्तर पर रखते हुए एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
रूट और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
कार्यक्रम दिवस पर सभी अधिकारियों को समय से ड्यूटी प्वाइंट पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक प्रस्तावित भ्रमण मार्ग पर स्वागत कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा, सुगमता और शांति व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। Jolly Grant Airport और जीटीसी हेलीपैड की व्यवस्थाओं को भी सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सहारनपुर से होगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण
प्रधानमंत्री द्वारा 14 अप्रैल को Saharanpur के गणेशपुर से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण प्रस्तावित है। इस अवसर पर देहरादून में भी विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने पूरे मार्ग को 13 जोनों में विभाजित कर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, एसपी लोकजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
