मसूरी में दर्दनाक हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चार यात्रियों की मौत
मसूरी। मसूरी के झड़ीपानी रोड स्थित बार्लोगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। तीव्र ढलान पर अनियंत्रित हुई एक कार लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना मसूरी पुलिस को झड़ीपानी रोड पर एक कार के गहरी खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एम्बुलेंस सेवा को भी मौके पर बुलाया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना से कुछ समय पहले कार सवारों ने पास की एक दुकान से सामान खरीदा था। बातचीत के दौरान उन्होंने स्वयं को उत्तरकाशी से आने वाला बताया था। बताया जा रहा है कि सामान लेने के बाद जैसे ही सभी लोग वाहन में बैठे, कार तीव्र ढलान की ओर तेजी से बढ़ने लगी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क किनारे खाली प्लॉट को पार करते हुए गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में मृतकों की पहचान सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत (19 वर्ष), सविता पत्नी धर्मवीर निवासी नेहरू नगर, गाजियाबाद (48 वर्ष) तथा संगीता पत्नी टीटू निवासी करोलबाग, दिल्ली (46 वर्ष) के रूप में हुई है। रेस्क्यू टीमों ने खाई से चारों शव बरामद कर लिए हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का संभावित कारण तीव्र ढलान पर वाहन के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
घटनास्थल पर थाना मसूरी पुलिस, क्षेत्राधिकारी मसूरी तथा पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
यह हादसा एक बार फिर पर्वतीय क्षेत्रों में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित करता है।
