विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 IAS और 20 PCS अधिकारियों के तबादले
देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच शासन स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। चुनाव आयोग के निर्देशों के क्रम में जारी तबादला आदेश के तहत 10 आईएएस और 20 पीसीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों, अपर जिलाधिकारियों, नगर आयुक्तों और संयुक्त मजिस्ट्रेटों को नई तैनाती दी गई है। इसके साथ ही सचिवालय और विभिन्न विभागों में भी अधिकारियों के कार्यभार बदले गए हैं।
10 आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव
आईएएस निधि यादव से निदेशक पंचायती राज की जिम्मेदारी वापस ली गई है, जबकि देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह को अपर सचिव पर्यटन बनाया गया है। दीपक सैनी को पिथौरागढ़ से हटाकर देहरादून का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। वहीं, प्रवीण कुमार को मुख्य विकास अधिकारी पिथौरागढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में अनामिका को मुख्य विकास अधिकारी अल्मोड़ा, आशिमा गोयल को नगर आयुक्त हल्द्वानी, दीपक रामचंद्र को मुख्य विकास अधिकारी चमोली और राहुल आनंद को मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी बनाया गया है। गौरी प्रभात को संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की और दीक्षित जोशी को संयुक्त मजिस्ट्रेट काशीपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
20 पीसीएस अधिकारियों के भी बदले कार्यभार
पीसीएस अधिकारियों के तबादलों में जीवन सिंह को आयुक्त गन्ना एवं चीनी काशीपुर और त्रिलोक सिंह को अपर आयुक्त कुमाऊं मंडल बनाया गया है। अभिषेक त्रिपाठी को निदेशक पंचायती राज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रामजी शरण को अपर निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी बनाया गया है, जबकि तीर्थपाल सिंह से यह जिम्मेदारी वापस ली गई है।
जय भारत सिंह को अपर निदेशक शहरी विकास, श्याम सिंह राणा को अपर नगर आयुक्त नगर निगम देहरादून और नारायण सिंह नबियाल को अपर जिलाधिकारी चमोली बनाया गया है। वहीं, विवेक प्रकाश को अपर आयुक्त गन्ना एवं चीनी काशीपुर के साथ किच्छा चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।
इसके अलावा पंकज उपाध्याय को कुंभ मेला में अपर मेलाधिकारी बनाया गया है। कौस्तुभ मिश्र को उपनिदेशक मंडी परिषद और स्मिता परमार को नगर आयुक्त रुड़की की जिम्मेदारी मिली है। रविंद्र सिंह को अपर जिलाधिकारी बागेश्वर, निर्मला बिष्ट को अपर जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर, जितेंद्र कुमार को अपर जिलाधिकारी देहरादून, नूपुर वर्मा को नगर आयुक्त रुद्रपुर और कमलेश मेहता को अपर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग बनाया गया है।
वहीं, विनोद कुमार को अपर जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर के साथ जिला विकास प्राधिकरण के सचिव का दायित्व दिया गया है। परितोष वर्मा को नगर आयुक्त काशीपुर और गोपाल राम को उप मेला अधिकारी कुंभ मेला की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
चुनाव से पहले प्रशासनिक मशीनरी में बदलाव
विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। विभिन्न जिलों और विभागों में अधिकारियों की नई तैनाती के साथ प्रशासनिक व्यवस्था को नए सिरे से व्यवस्थित किया गया है।
