जागेश्वर की 9 प्राचीन मूर्तियां दिल्ली ले जाने की तैयारी पर बवाल, स्थानीय लोगों का विरोध, हरीश रावत ने भी उठाए सवाल
अल्मोड़ा: उत्तराखंड के ऐतिहासिक जागेश्वर धाम से जुड़ी नौ प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की कथित तैयारी ने विवाद खड़ा कर दिया है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण यानी एएसआई की टीम के जागेश्वर स्थित पुरातत्व संग्रहालय पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों और पुजारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि ये मूर्तियां केवल पुरातात्विक धरोहर नहीं, बल्कि जागेश्वर की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा हैं। ऐसे में इन्हें यहां से हटाने का कोई भी कदम स्थानीय लोगों को विश्वास में लिए बिना नहीं उठाया जाना चाहिए।
शनिवार सुबह पुरातत्व विभाग की टीम के संग्रहालय पहुंचने की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के लोग, व्यापारी और पुजारी एकत्र हो गए। इस दौरान टीम और स्थानीय लोगों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। विरोध कर रहे लोगों का आरोप है कि संग्रहालय में वर्षों से सुरक्षित रखी गई इन मूर्तियों को बिना स्थानीय जनता को पूर्व सूचना दिए दिल्ली ले जाने की तैयारी की जा रही है।
मामले को लेकर स्थानीय नागरिकों ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक को विरोध पत्र भी भेजा है। इसमें स्पष्ट मांग की गई है कि जागेश्वर संग्रहालय से किसी भी प्राचीन मूर्ति को हटाकर दिल्ली न ले जाने का लिखित आश्वासन दिया जाए। विरोध पत्र की प्रतियां प्रधानमंत्री कार्यालय, उत्तराखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, पर्यटन मंत्री और अल्मोड़ा के जिलाधिकारी को भी भेजी गई हैं। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग की ओर से सकारात्मक जवाब और लिखित आश्वासन नहीं मिलता है तो संग्रहालय के मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर अनशन की भी चेतावनी दी गई है।
इस बीच मूर्तियों को स्थानांतरित किए जाने के मामले ने राजनीतिक रूप भी ले लिया है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर इस पूरी कार्रवाई का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम के पुजारियों से उन्हें जानकारी मिली है कि नौ प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली ले जाने के लिए टीम पहुंची है और स्थानीय लोग इसका विरोध कर रहे हैं। रावत ने विरोध का वीडियो साझा करते हुए राज्य सरकार से इस प्रक्रिया को तत्काल रोकने और जनभावनाओं का सम्मान करने की मांग की है।
हरीश रावत ने इस मामले में कुमाऊं आयुक्त से भी बातचीत कर तत्काल संज्ञान लेने को कहा है। साथ ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह कुंजवाल से मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और स्थानीय लोगों के साथ खड़े रहने का आग्रह किया है। रावत ने यह भी कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर वह स्वयं जागेश्वर धाम पहुंचेंगे।
दरअसल, जागेश्वर मंदिर समूह उत्तराखंड की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों में शामिल है। यहां के प्राचीन मंदिरों और मूर्तिकला का अपना विशिष्ट ऐतिहासिक महत्व है। ऐसे में संग्रहालय में संरक्षित मूर्तियों को दूसरी जगह स्थानांतरित किए जाने की खबर ने स्थानीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल इस पूरे मामले में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। ऐसे में अब सवाल यह है कि आखिर इन नौ प्राचीन मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की जरूरत क्यों पड़ रही है? क्या इनके स्थानांतरण के पीछे संरक्षण या किसी अन्य वजह से जुड़ी कोई आधिकारिक योजना है? और सबसे अहम, क्या इस प्रक्रिया में स्थानीय लोगों और मंदिर से जुड़े पक्षों को विश्वास में लिया गया है?
जागेश्वर की इस प्राचीन विरासत को लेकर उठे विवाद पर अब शासन और पुरातत्व विभाग के जवाब का इंतजार है।
