कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर हरिद्वार में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, पुलिस ने किए व्यापक इंतजाम

Our News, Your Views

कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर हरिद्वार में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, पुलिस ने किए व्यापक इंतजाम

हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 11 जोन और 36 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सभी क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात कर भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

स्नान पर्व में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को ऋषिकुल ऑडिटोरियम में ब्रीफिंग दी गई। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को उनकी ड्यूटी और जिम्मेदारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रहने को कहा गया।

मेला क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस की तैनाती के साथ-साथ पूरे क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी की जाएगी।

गंगा घाटों पर स्नान के दौरान संभावित डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए जल पुलिस के जवानों की विशेष तैनाती की गई है। जल पुलिस घाटों पर लगातार निगरानी रखेगी और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए तैयार रहेगी।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को प्राथमिकता दी गई है। व्यापक सुरक्षा इंतजामों के बीच स्नान पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।


Our News, Your Views