गौचर मेले से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का लक्ष्य, सीएम धामी ने किया शुभारंभ
चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज चमोली जिले के गौचर पहुंचकर ऐतिहासिक गौचर मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मेले को उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक विरासत और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला केवल मनोरंजन और सांस्कृतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने का भी एक प्रभावी माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक मेले हमारी लोक संस्कृति और सामाजिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और विरासत से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि इन मेलों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को भी मजबूती मिलती है। स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यवसायों को प्रोत्साहन देकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी जा सकती है।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि पहाड़ के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों और शहरों की ओर पलायन न करना पड़े। इसके लिए कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पर्यटन नीति, होमस्टे नीति, फिल्म नीति और मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहल इसी सोच के साथ आगे बढ़ाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने चमोली के स्थानीय उत्पादों का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां का ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, दालें, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियां अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं। सरकार की कोशिश है कि इन उत्पादों को स्थानीय बाजारों से आगे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाया जाए। इसी उद्देश्य से ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि इस ब्रांड का कारोबार अब तक छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। यह उपलब्धि प्रदेश की महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादकों की मेहनत और आत्मनिर्भरता का प्रमाण है।
सांस्कृतिक और व्यापारिक पहचान का प्रतीक है गौचर मेला
गौचर मेला उत्तराखंड के ऐतिहासिक मेलों में अपनी अलग पहचान रखता है। लंबे समय से आयोजित हो रहा यह मेला कभी प्रदेश के सबसे बड़े मेलों में गिना जाता था। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ यहां खेलकूद प्रतियोगिताएं और कृषि से जुड़ी गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रही हैं। इन आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के अलावा दूसरे राज्यों से भी कलाकार और खिलाड़ी पहुंचते रहे हैं।
गौचर मेले का कृषि पक्ष भी विशेष रूप से प्रसिद्ध रहा है। यहां प्रदर्शित होने वाली विशालकाय लौकी और मूली जैसी कृषि उपज लोगों के आकर्षण का केंद्र बनती रही हैं। वहीं, ऐतिहासिक रूप से यह मेला व्यापारिक गतिविधियों के लिए भी महत्वपूर्ण रहा है। आज भी मेले में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
गौचर मेले के शुभारंभ के साथ एक बार फिर चमोली की लोक संस्कृति, पारंपरिक उत्पादों, कृषि और स्थानीय व्यापार को मंच मिला है। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
