चारधाम यात्रा ने बनाया नया रिकॉर्ड, पहली बार 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Our News, Your Views

चारधाम यात्रा ने बनाया नया रिकॉर्ड, पहली बार 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

केदारनाथ में 19.33 लाख और बदरीनाथ धाम में 22.64 लाख श्रद्धालु पहुंचे, 16 नवंबर को बंद होंगे बदरीनाथ धाम के कपाट

देहरादून। उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा ने इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या के मामले में नया इतिहास रच दिया है। पहली बार चारधाम यात्रा में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 65 लाख के पार पहुंच गई है। धामों में लगातार बढ़ती सुविधाओं, अवस्थापना विकास और बेहतर यात्रा व्यवस्थाओं के चलते हर साल श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हो रहा है। पिछले वर्ष जहां चारधाम यात्रा में करीब 48 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे, वहीं इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 65 लाख से अधिक हो गया है।

19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा का शुभारंभ हुआ था। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खोले गए। अब तक गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं। बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद किए जाएंगे। इसके साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा का समापन हो जाएगा।

इस बार केदारनाथ धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। यहां 19 लाख 33 हजार 138 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। वहीं, बदरीनाथ धाम में सबसे अधिक 22 लाख 64 हजार 724 श्रद्धालु पहुंचे। गंगोत्री धाम में 10 लाख 7 हजार 177 और यमुनोत्री धाम में 8 लाख 84 हजार 841 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके अलावा हेमकुंड साहिब में 3 लाख 90 हजार 696 श्रद्धालुओं ने मत्था टेका।

यात्रा के शुरुआती दौर में धामों में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच व्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं मोर्चा संभाला था। खास बात यह रही कि इस वर्ष मानसून सीजन के दौरान भी चारधाम यात्रा निर्बाध रूप से संचालित होती रही। सरकार की ओर से सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम यात्रा को प्राथमिकता देते हुए श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए लगातार प्रयास किए गए।

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का केदारनाथ धाम से विशेष लगाव रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में चारधाम यात्रा ने इस वर्ष नया रिकॉर्ड कायम किया है। अब सरकार का जोर शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने पर रहेगा, ताकि सर्दियों में भी श्रद्धालु उत्तराखंड के शीतकालीन पूजा स्थलों के दर्शन कर सकें।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री, यमुनोत्री और बाबा केदार के कपाट बंद होने पर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में तीर्थयात्रियों की सुविधाओं के लिए अवस्थापना विकास के कार्य किए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है। राज्य सरकार सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम यात्रा के लिए प्रतिबद्ध है।

धाम श्रद्धालु
बदरीनाथ 22,64,724
केदारनाथ 19,33,138
गंगोत्री 10,07,177
यमुनोत्री 8,84,841
हेमकुंड साहिब 3,90,696

Our News, Your Views