उत्तराखंड में प्रशासनिक फेरबदल: नैनीताल और अल्मोड़ा के डीएम बदले, 5 आईएएस और 5 पीसीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रशासनिक स्तर पर तबादलों का सिलसिला जारी है। शासन ने शुक्रवार देर रात पांच आईएएस और पांच पीसीएस अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव करते हुए कुल 10 अधिकारियों की नई तैनाती के आदेश जारी किए। इस फेरबदल में नैनीताल और अल्मोड़ा के जिलाधिकारी भी बदल दिए गए हैं। इसके अलावा देहरादून और हरिद्वार के प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है।

शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को इस पद से हटाकर शासन में अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता तथा अपर सचिव मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह को नैनीताल का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
अल्मोड़ा जिले की कमान अब आईएएस अधिकारी दीप्ति सिंह को सौंपी गई है। इससे पहले वह निदेशक खेल एवं युवा कल्याण के पद पर कार्यरत थीं।
आईएएस अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव
प्रशासनिक फेरबदल के तहत आईएएस विनीत तोमर को नैनीताल जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वह कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
वहीं, आईएएस निधि यादव से कृषि विभाग का दायित्व वापस ले लिया गया है। उन्हें अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग के साथ निदेशक खेल एवं युवा कल्याण की जिम्मेदारी दी गई है।
देहरादून और हरिद्वार में भी बदले अधिकारी
पीसीएस अधिकारियों के तबादलों में भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। देहरादून में अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा को हरिद्वार का अपर जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, हरिद्वार में तैनात वैभव गुप्ता को देहरादून का नया अपर जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
पीसीएस अधिकारी पंकज कुमार उपाध्याय को अपर मेलाधिकारी की मौजूदा जिम्मेदारी के साथ अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसके अलावा अल्मोड़ा में तैनात एसडीएम सीमा विश्वकर्मा को नैनीताल भेजा गया है, जबकि नैनीताल में तैनात एसडीएम सुधीर कुमार को अल्मोड़ा में नई जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से प्रशासनिक और पुलिस महकमे में तबादलों का दौर जारी है। ऐसे में ताजा फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव और आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अधिकारियों की नई तैनाती के तौर पर देखा जा रहा है।
