राष्ट्रपति पुलिस निशान से सम्मानित हुई उत्तराखंड पुलिस, देश का 16वां पुलिस बल बना

Our News, Your Views

राष्ट्रपति पुलिस निशान से सम्मानित हुई उत्तराखंड पुलिस, देश का 16वां पुलिस बल बना

देहरादून: उत्तराखंड पुलिस के 25 साल के सफर में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ गई है। राज्य स्थापना समारोह के अवसर पर देहरादून की रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित भव्य अलंकरण परेड में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस निशान प्रदान किया। इस सम्मान के साथ उत्तराखंड देश का 16वां ऐसा पुलिस बल बन गया है, जिसे राष्ट्रपति पुलिस कलर से अलंकृत किया गया है।

समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। इस दौरान चार धर्मों के धर्मगुरुओं ने परंपरागत विधि से राष्ट्रपति पुलिस निशान का अभिषेक किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड पुलिस के विशेष डाक आवरण और पुलिस पत्रिका का भी विमोचन किया गया।

25 साल की सेवा के बाद मिला राष्ट्रीय सम्मान

राष्ट्रपति पुलिस निशान किसी भी राज्य पुलिस बल के लिए विशेष गौरव का प्रतीक माना जाता है। यह सम्मान पुलिस बल की दीर्घकालीन सेवा, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर दिया जाता है। इसके लिए कम से कम 25 वर्षों की सेवा का मानक निर्धारित है। उत्तराखंड पुलिस ने अपने गठन के 25 वर्ष पूरे होने के एक साल बाद ही यह उपलब्धि हासिल की है।

आपदा से लेकर पर्यटन सुरक्षा तक पुलिस की भूमिका की सराहना

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड पुलिस के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। गुजरात से बड़ी संख्या में पर्यटक उत्तराखंड आते हैं और उन्हें यहां पुलिस के व्यवहार को लेकर कभी शिकायत सुनने को नहीं मिली।

शाह ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस ने आपदा प्रबंधन से लेकर अपराध नियंत्रण तक विभिन्न मोर्चों पर अपनी कार्यक्षमता साबित की है। उन्होंने पुलिस बल को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले 206 पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

पुलिसकर्मियों का बढ़ेगा मनोबल: डीजीपी

डीजीपी दीपम सेठ ने इस सम्मान को उत्तराखंड पुलिस के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पुलिस निशान केवल वर्तमान में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह उन सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के योगदान का भी सम्मान है, जिन्होंने राज्य गठन के बाद पुलिस बल को मजबूत बनाने में अपनी सेवाएं दीं।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री की मौजूदगी में यह सम्मान मिलना पुलिस के जवानों और अधिकारियों का मनोबल बढ़ाने वाला है।

राष्ट्रपति पुलिस निशान के साथ उत्तराखंड पुलिस ने अपने 25 वर्षों के सफर में एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पहचान हासिल की है। अब इस सम्मान के अनुरूप कानून व्यवस्था, जनसुरक्षा और आपदा प्रबंधन के मोर्चे पर अपनी जिम्मेदारियों को और बेहतर ढंग से निभाने की चुनौती भी पुलिस के सामने होगी।


Our News, Your Views