शीतकाल के लिए बंद हुए बदरीनाथ धाम के कपाट, 9:37 बजे संपन्न हुई कपाट बंद होने की प्रक्रिया; 23.5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Our News, Your Views

शीतकाल के लिए बंद हुए बदरीनाथ धाम के कपाट, 9:37 बजे संपन्न हुई कपाट बंद होने की प्रक्रिया; 23.5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

सेना के बैंड की मधुर धुनों और जय बदरी विशाल के उद्घोष से गूंजा धाम, मंदिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया

चमोली। उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कर्क लग्न में वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ कपाट बंद होने की प्रक्रिया संपन्न हुई। इसके साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा का भी विधिवत समापन हो गया। कपाट बंद होने के अवसर पर बदरीनाथ मंदिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। मंदिर के शिखर पर स्थापित भगवान बदरी विशाल की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।

कपाट बंद होने के अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए धाम पहुंचे। इस दौरान 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। पूरे धाम में सेना के बैंड की मधुर धुनें और जय बदरी विशाल के जयकारे गूंजते रहे। मंदिर परिसर में उत्सव और आध्यात्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।

कपाट बंद होने की परंपरागत प्रक्रिया सोमवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त में मंदिर खुलने के साथ शुरू हुई। इसके बाद भगवान बदरीनाथ का अभिषेक, विशेष पूजा और श्रृंगार किया गया। दिनभर श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। शाम आठ बजे से कपाट बंद करने की मुख्य धार्मिक प्रक्रिया शुरू हुई। परंपरा के अनुसार बदरीनाथ के रावल अमरनाथ नंबूदरी ने स्त्री वेश धारण कर लक्ष्मी मंदिर से माता लक्ष्मी की उत्सव मूर्ति को लाकर भगवान बदरीनाथ के गर्भगृह में विराजमान किया।

इसके बाद बदरीश पंचायत में विराजमान भगवान कुबेर और उद्धव की उत्सव प्रतिमाओं को मंदिर परिसर में लाया गया। रावल ने भगवान बदरी विशाल की निर्वाण शिला मूर्ति को परंपरानुसार घृत कंबल ओढ़ाया। धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल और वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। इसके बाद रात 9 बजकर 37 मिनट पर मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कपाट बंद होने के अवसर पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि इस यात्रा वर्ष बदरीनाथ धाम में साढ़े 23 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं, जो एक नया रिकॉर्ड है।

कपाट बंद होने के बाद अब भगवान बदरी विशाल की शीतकालीन पूजा निर्धारित स्थलों पर संपन्न होगी। मंगलवार को भगवान उद्धव और कुबेर की उत्सव डोलियां योग बदरी मंदिर पांडुकेश्वर के लिए रवाना होंगी, जबकि गरुड़ और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी नृसिंह मंदिर, ज्योतिर्मठ के लिए प्रस्थान करेगी। इसके साथ ही शीतकाल के दौरान भी इन धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना जारी रहेगी।


Our News, Your Views