बैणी-भुली योजना के तहत 5.23 लाख महिलाओं को मिलेगी आर्थिक सहायता, दिसंबर में पहली किस्त के रूप में आएंगे 10 हजार रुपये
देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले धामी सरकार की बैणी-भुली योजना एक बार फिर चर्चा में आ गई है। प्रदेश की 5.23 लाख महिलाओं को इस योजना के तहत आर्थिक सहायता देने की तैयारी है। ग्राम्य विकास विभाग के अनुसार, पात्र महिलाओं को दो किस्तों में आर्थिक सहायता दी जाएगी। पहली किस्त के रूप में दिसंबर में 10 हजार रुपये दिए जाएंगे, जबकि दूसरी किस्त मार्च में जारी की जाएगी। हालांकि, इस प्रस्ताव पर अंतिम मुहर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगाएंगे।
ग्राम्य विकास विभाग के मंत्री भरत सिंह चौधरी ने सोमवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में योजना की जानकारी देते हुए बताया कि बैणी-भुली योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका मिशन और विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को लखपति दीदी बनाने, स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने, स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और विपणन तथा महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। बैणी-भुली योजना इन प्रयासों को और मजबूती देगी। सरकार का प्रयास है कि महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में उनकी भागीदारी और बढ़े।
चुनाव से पहले महिलाओं की याद आई: गणेश गोदियाल
वहीं, बैणी-भुली योजना को लेकर कांग्रेस ने धामी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि सरकार को चुनाव नजदीक आते ही मातृशक्ति की याद आने लगी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार पांच साल यानी 60 महीने के लिए चुनी जाती है, तो महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति सुधारने के लिए पिछले पांच वर्षों में क्या कदम उठाए गए?
गोदियाल ने कहा कि चुनाव से ठीक पहले महिलाओं के खातों में 5 या 10 हजार रुपये डालकर उन्हें लुभाने की कोशिश की जा रही है। यदि सरकार वास्तव में महिलाओं की हितैषी होती तो हर महीने उनके खातों में आर्थिक सहायता पहुंचाने की व्यवस्था करती। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को डंडी-कंडी के सहारे मुख्य मार्ग तक पहुंचाने की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे समय में सरकार की चिंता कहां चली जाती है?
कांग्रेस ने किया महिला सम्मान निधि का वादा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने घोषणा की कि यदि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनती है तो महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महिला सम्मान निधि शुरू की जाएगी। इसके माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति केवल चुनाव के समय याद आने वाला वोट बैंक नहीं है, बल्कि वह अपने अधिकार, सम्मान और भविष्य का हिसाब मांगना जानती है।
गोदियाल ने भाजपा पर बिहार में महिलाओं को दी गई आर्थिक सहायता वापस लिए जाने के कथित मामलों का जिक्र करते हुए आशंका जताई कि कहीं उत्तराखंड में भी ऐसा कोई फार्मूला लागू न कर दिया जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय महिलाओं को पैसा देने और बाद में उसे वापस लेने जैसी राजनीति उचित नहीं है।
26 तारीख को लोकभवन कूच करेगी कांग्रेस
इस दौरान गणेश गोदियाल ने कांग्रेस के हस्ताक्षर अभियान की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में कांग्रेस मंत्रियों के कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर जनता के बीच हस्ताक्षर अभियान चला रही है। अभियान के तहत जुटाए गए हस्ताक्षरों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता 26 तारीख को लोकभवन कूच करेंगे और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे।
बैणी-भुली योजना को लेकर सरकार की आर्थिक सहायता की घोषणा और कांग्रेस के महिला सम्मान निधि के वादे के बीच अब प्रदेश में महिलाओं को आर्थिक मदद देने का मुद्दा राजनीतिक बहस का केंद्र बनता दिखाई दे रहा है।
