उत्तराखंड में तीन भीषण सड़क हादसों से दहला प्रदेश, 14 की मौत, 36 घायल

Our News, Your Views

उत्तराखंड में तीन भीषण सड़क हादसों से दहला प्रदेश, 14 की मौत, 36 घायल

टिहरी में पुल से 100 मीटर नीचे गदेरे में गिरी यात्री बस, नौ लोगों की गई जान; रुद्रप्रयाग और ऋषिकेश में भी हुए दर्दनाक हादसे

उत्तराखंड में मंगलवार को हुए तीन अलग-अलग भीषण सड़क हादसों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। टिहरी, रुद्रप्रयाग और ऋषिकेश क्षेत्र में हुए इन हादसों में कुल 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 36 लोग घायल हो गए। हादसों की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कहीं यात्री बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी, तो कहीं वाहन गहरी खाई में समा गए। दुर्घटनाओं के बाद घटनास्थलों पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

सबसे दर्दनाक हादसा टिहरी जिले की गूलर घाटी में हुआ। मंगलवार सुबह करीब साढ़े चार बजे हरिद्वार से चमोली के कर्णप्रयाग जा रही एक यात्री बस गूलर बाजार के पास अनियंत्रित होकर पुल से लगभग 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। घायलों में छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में अतिरिक्त एसडीआरएफ टीमें भी मौके पर भेजी गईं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

वहीं, रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार देर रात बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर एक बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिर गया। वाहन पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रहा था और उसमें करीब दस लोग सवार थे। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। सूचना पर अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। रातभर चले रेस्क्यू अभियान के बाद सभी लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। घायलों में दो को सामान्य चोटें आईं, जबकि चार को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।

तीसरा हादसा ऋषिकेश क्षेत्र के फकोट विकासखंड के बांस काटल गांव के पास हुआ, जहां एक मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी चार घायलों को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।

लगातार हुए इन हादसों ने एक बार फिर उत्तराखंड के पर्वतीय मार्गों पर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इन दुर्घटनाओं में हुई जनहानि पर दुख व्यक्त किया है। हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों में शोक का माहौल है, जबकि घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।


Our News, Your Views