रुड़की में दर्दनाक हादसा: 12 साल के बच्चे को मगरमच्छ ने बनाया शिकार, इलाके में दहशत

Our News, Your Views

रुड़की में दर्दनाक हादसा: 12 साल के बच्चे को मगरमच्छ ने बनाया शिकार, इलाके में दहशत

रुड़की/हरिद्वार | विशेष संवाददाता

बुग्गावाला क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 12 वर्षीय मासूम को मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना थाना बुग्गावाला क्षेत्र के बंजारेवाला गांव की है। जानकारी के अनुसार, रामकुमार का 12 वर्षीय बेटा राम रहीम स्टोन क्रेशर के पास मौजूद था। इसी दौरान पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे जबड़ों में दबाकर पानी में खींच ले गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे के शव को बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और सतर्कता बरतें।

इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक और भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


Our News, Your Views