डिजिटल स्व-गणना का आज अंतिम दिन, कल से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

Our News, Your Views

डिजिटल स्व-गणना का आज अंतिम दिन, कल से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

देहरादून। प्रदेश में चल रही डिजिटल भवन स्व-गणना प्रक्रिया का शुक्रवार को अंतिम दिन है। इसके बाद शनिवार, 25 अप्रैल से जनगणना विभाग के प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य शुरू करेंगे। निदेशालय जनगणना ने इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

निदेशालय की ओर से 10 अप्रैल से शुरू की गई इस डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया में खबर लिखे जाने तक प्रदेशभर में करीब 56 हजार लोगों ने घर बैठे अपनी स्व-गणना पूरी कर ली है। इन सभी को एसई (Self Enumeration) आईडी जारी की जा चुकी है।

जिलावार आंकड़ों के अनुसार, अल्मोड़ा में 4294, बागेश्वर में 3839, चमोली में 2510, चंपावत में 3200, देहरादून में 9627, पौड़ी में 2895, हरिद्वार में 6410, नैनीताल में 8255, पिथौरागढ़ में 2963, रुद्रप्रयाग में 1330, टिहरी में 2570, ऊधमसिंह नगर में 5471 और उत्तरकाशी में 2653 लोगों ने डिजिटल स्व-गणना कराई है।

पहले चरण के तहत 25 अप्रैल से 24 मई तक प्रदेश में घर-घर मकान सूचीकरण और मकान गणना का कार्य किया जाएगा। इसके लिए 4491 सुपरवाइजर और 26,348 प्रगणकों सहित कुल 30,839 कार्मिकों की टीम तैनात की गई है।

निदेशक जनगणना इवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि जिन लोगों ने डिजिटल माध्यम से स्व-गणना कर ली है, उनके घर भी प्रगणक पहुंचेंगे। वे संबंधित परिवार से एसई आईडी लेकर अपने सिस्टम में उसका सत्यापन करेंगे और पूछे गए प्रश्नों के उत्तरों को मौके पर ही जांचकर अंतिम रूप से डेटा फीड करेंगे।

वहीं, जिन लोगों ने अभी तक स्व-गणना नहीं की है, उन्हें प्रगणकों द्वारा पूछे जाने वाले 33 सवालों के जवाब देने होंगे, जिसके बाद उनकी भवन गणना पूरी की जाएगी।



Our News, Your Views