भाजपा नेतृत्व का धामी पर भरोसा कायम, नितिन नवीन बोले—उत्तराखंड तेजी से बढ़ रहा आगे
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को लेकर भाजपा नेतृत्व का भरोसा लगातार मजबूत होता नजर आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बाद अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व की खुलकर सराहना की है।
एक प्रमुख हिंदी न्यूज चैनल को दिए गए इंटरव्यू में नितिन नवीन ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास कार्यों की गति तेज हुई है और सरकार जन अपेक्षाओं पर खरी उतरी है।
नितिन नवीन ने विशेष रूप से पारदर्शी शासन, दूरस्थ गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार को धामी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में गिनाया। उन्होंने कहा कि प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि और समग्र विकास इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश सही दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उत्तराखंड की चुनौतियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हर राज्य की अपनी अलग परिस्थितियां होती हैं, लेकिन गवर्नेंस और जनकल्याण के पैमानों पर देखें तो धामी सरकार ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
2027 चुनाव को लेकर बड़ा संकेत
एक अन्य सवाल के जवाब में भाजपा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री धामी ही पार्टी का चेहरा होंगे। इससे आगामी चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति का संकेत भी मिल गया है।
पहले भी मिल चुकी है शीर्ष नेतृत्व की सराहना
गौरतलब है कि 14 अप्रैल को देहरादून दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री धामी के कार्यों की प्रशंसा की थी। वहीं हल्द्वानी में आयोजित “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें “धुरंधर” की उपाधि दी थी।
इससे पहले मार्च में हरिद्वार पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह ने भी धामी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की सराहना करते हुए उत्तराखंड में भाजपा की हैट्रिक का दावा किया था। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा लगातार मिल रही सराहना से यह स्पष्ट है कि पार्टी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व को लेकर आश्वस्त है और आगामी चुनावों में भी उन्हीं पर भरोसा जताने की तैयारी में है।
