उत्तराखंड बोर्ड रिजल्ट 2026: टॉपर्स से बोले सीएम धामी—“आपने बढ़ाया प्रदेश का मान”

Our News, Your Views

हाईस्कूल में अक्षत गोपाल और इंटरमीडिएट में गीतिका पंत–सुशीला मेंदीरत्ता संयुक्त रूप से अव्वल, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री ने दी बधाई

देहरादून/रामनगर:
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (UBSE) द्वारा घोषित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में इस वर्ष मेधावी छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार सुबह कक्षा 10वीं और 12वीं के परिणाम जारी किए, जिसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टॉपर्स से दूरभाष पर संवाद कर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

हाईस्कूल परीक्षा में रामनगर स्थित एमपी इंटर कॉलेज के छात्र अक्षत गोपाल ने 500 में से 491 अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, इंटरमीडिएट परीक्षा में गीतिका पंत और सुशीला मेंदीरत्ता ने 490-490 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने हाईस्कूल के टॉपर्स—अक्षत गोपाल, इशांत कोठारी, भूमिका और योगेश जोशी से फोन पर बात कर उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही इंटरमीडिएट के टॉपर्स गीतिका पंत, सुशीला मेंदीरत्ता, आर्यन और वंशिका से भी संवाद कर उन्हें बधाई दी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही छात्र इस स्तर की सफलता हासिल कर पाते हैं।

उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहें और भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य और देश के विकास में योगदान दें। मुख्यमंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और मेधावी छात्रों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।


Our News, Your Views