टिहरी झील क्षेत्र को ग्लोबल डेस्टिनेशन बनाने की तैयारी, मुख्य सचिव ने तैयार करने को कहा व्यापक मास्टर प्लान

Our News, Your Views

टिहरी झील क्षेत्र को ग्लोबल डेस्टिनेशन बनाने की तैयारी, मुख्य सचिव ने तैयार करने को कहा व्यापक मास्टर प्लान

टिहरी झील क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने बड़ी पहल शुरू कर दी है। गुरुवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने संबंधित विभागों के साथ बैठक कर टिहरी झील और आसपास के क्षेत्र को “एक राज्य, एक ग्लोबल डेस्टिनेशन” योजना के तहत विकसित किए जाने को लेकर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि टिहरी झील रिंग रोड एवं आसपास के सम्पूर्ण क्षेत्र को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए एक व्यापक और समग्र कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि टिहरी स्पेशल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (TADA) इस परियोजना में डेस्टिनेशन मैनेजमेंट ऑर्गेनाइजेशन (DMO) की भूमिका निभाएगा।

मुख्य सचिव ने कहा कि योजना में टिहरी झील रिंग रोड, आइकोनिक ब्रिज, हरित पैदल मार्ग, ईको पार्क, प्राकृतिक व्यू पॉइंट्स, वेलनेस सेंटर और एडवेंचर टूरिज्म गतिविधियों को शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य भले ही चरणबद्ध तरीके से किया जाए, लेकिन पूरी योजना एक बार में तैयार होनी चाहिए ताकि विकास कार्यों में समन्वय बना रहे।

बैठक में टिहरी तक “एंड टू एंड कनेक्टिविटी” को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने मार्गों के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण के निर्देश देते हुए नए पर्यटन रूट विकसित करने की संभावनाएं तलाशने को कहा। साथ ही, पूरे क्षेत्र में प्राकृतिक सौंदर्य और हरित क्षेत्र को संरक्षित रखते हुए साइट-विशिष्ट निर्माण कार्यों पर बल दिया गया।

परियोजना में वॉटरड्रोम और वॉटरपोर्ट को शामिल करने की भी बात कही गई। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रस्तावित आइकोनिक पुलों का डिजाइन सी-प्लेन परियोजना को ध्यान में रखकर तैयार किया जाए। इसके अलावा डोबराचांटी पुल के पास स्थित हेलीपैड को आधुनिक हेलीपोर्ट के रूप में विकसित किए जाने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्य सचिव ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना से जुड़े सभी विभाग और संस्थाएं आपसी तालमेल के साथ कार्य करें ताकि टिहरी झील क्षेत्र को एक विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित किया जा सके।


Our News, Your Views