पैतृक गांव पंचूर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, धार्मिक माहौल में हुआ भव्य स्वागत

Our News, Your Views

पैतृक गांव पंचूर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, धार्मिक माहौल में हुआ भव्य स्वागत

योगी आदित्यनाथ गुरुवार को अपने दो दिवसीय निजी दौरे पर पंचूर गांव पहुंचे, जहां उनके आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री के गांव पहुंचते ही स्थानीय लोगों, भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जगह-जगह उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने प्रवास के दौरान नवनिर्मित हरि विष्णु पंचदेव मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे। धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से इस कार्यक्रम को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गांव और आसपास के क्षेत्रों में आयोजन को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आए। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सर्वेश पंवार ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निजी एवं धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने अपने पैतृक गांव पहुंचे हैं और उनका दौरा दो दिनों तक रहेगा।

इस दौरान पुष्कर सिंह धामी भी यमकेश्वर पहुंचे और उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया। दोनों मुख्यमंत्रियों की मुलाकात को लेकर भी क्षेत्र में खास चर्चा रही। मुख्यमंत्री धामी ने योगी आदित्यनाथ के अपने पैतृक गांव आगमन को उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय बताया।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अपने पैतृक गांव और यहां की धार्मिक परंपराओं से विशेष लगाव रहा है। वह समय-समय पर क्षेत्र में पहुंचकर धार्मिक आयोजनों में भाग लेते रहे हैं। उनके आगमन से पूरे पंचूर और यमकेश्वर क्षेत्र में उत्सव जैसा वातावरण बना हुआ है।


Our News, Your Views