चारधाम यात्रा 2026: 30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण, जीएमवीएन में 9 करोड़ की बुकिंग
चारधाम यात्रा 2026 में इस वर्ष श्रद्धालुओं का उत्साह रिकॉर्ड स्तर पर देखने को मिल रहा है। अब तक यात्रा के लिए 30 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) के विश्राम गृहों में करीब 9 करोड़ रुपये की बुकिंग हो चुकी है।
प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि बीते वर्ष की तुलना में इस बार चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या नया रिकॉर्ड बना सकती है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु लगातार पंजीकरण कर रहे हैं और यात्रा मार्गों पर स्थित जीएमवीएन विश्राम गृहों की मांग तेजी से बढ़ रही है।
मंत्री ने जानकारी दी कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जीएमवीएन विश्राम गृहों में ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया 16 फरवरी 2026 से शुरू की गई थी। अब तक लगभग 9.9 लाख बुकिंग दर्ज की जा चुकी हैं और यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से अब तक 30 लाख से अधिक तीर्थयात्री पंजीकरण करा चुके हैं, जिनमें से 9 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधामों के दर्शन भी कर चुके हैं। श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण के लिए registrationandtouristcare.uk.gov.in या TouristCare UK मोबाइल एप का उपयोग कर सकते हैं। वहीं ऋषिकेश, हरिद्वार और विकासनगर में ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि यात्रा के दौरान विभिन्न चेकपोस्ट पर क्यूआर कोड स्कैनिंग की व्यवस्था लागू की गई है। बिना पंजीकरण वाले यात्रियों को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी और उन्हें वापस भेजा जाएगा।
उन्होंने विशेष रूप से 50 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं से यात्रा शुरू करने से पहले हेल्थ स्क्रीनिंग सेंटर पर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की। साथ ही यात्रियों से धामों की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह भी किया।
महाराज ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का प्रतीक है। ऐसे में सभी श्रद्धालुओं की जिम्मेदारी है कि वे यात्रा के दौरान स्वच्छता और अनुशासन का पालन करें।
