चारधाम हेली यात्रा अब हाईटेक निगरानी में, UCADA ने सक्रिय किया आधुनिक कंट्रोल सेंटर

Our News, Your Views

चारधाम हेली यात्रा अब हाईटेक निगरानी में, UCADA ने सक्रिय किया आधुनिक कंट्रोल सेंटर

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लेते हुए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर (ICCCC) को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर संचालित यह हाईटेक सिस्टम श्रद्धालुओं की सुरक्षा और हेली सेवाओं की निगरानी में अहम भूमिका निभा रहा है।

सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट पर स्थापित यह आधुनिक नियंत्रण केंद्र खराब मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में भी लगातार कार्य कर रहा है। यहां से चारधाम हेली सेवाओं की प्रत्येक गतिविधि पर रियल-टाइम निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना या तकनीकी समस्या से समय रहते निपटा जा सके।

कंट्रोल सेंटर में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA), भारत मौसम विज्ञान विभाग और यूकाडा की छह सदस्यीय विशेषज्ञ टीम तैनात है। यह टीम हर हेली ट्रिप, शटल सेवा और हेली रूट की लाइव मॉनिटरिंग कर रही है। ट्रैकिंग डिवाइस और हाई-टेक कैमरों की मदद से टेकऑफ और लैंडिंग पर विशेष नजर रखी जा रही है।

यूकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के साथ बेहतर समन्वय के लिए सहस्त्रधारा और सिरसी में विशेष सेंटर बनाए गए हैं। मौसम विभाग से प्राप्त सटीक पूर्वानुमान के आधार पर ही उड़ानों को अनुमति दी जा रही है, जिससे जोखिम की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।

उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से चारधाम हेली यात्रा को अधिक सुरक्षित, सरल और सुव्यवस्थित बनाना है।”

इस अत्याधुनिक प्रणाली के जरिए यात्रियों को मौसम और उड़ानों से जुड़ी रियल-टाइम जानकारी मिल रही है। वहीं किसी भी तकनीकी खराबी या आपात स्थिति में कंट्रोल सेंटर तुरंत कार्रवाई करने में सक्षम है। ट्रैकिंग डिवाइस के उपयोग से हेली सेवाओं के संचालन में पारदर्शिता भी सुनिश्चित हो रही है।

उत्तराखंड सरकार की यह पहल न केवल श्रद्धालुओं की सुरक्षा को मजबूत कर रही है, बल्कि चारधाम यात्रा की वैश्विक छवि को भी नई पहचान दे रही है। तकनीक और विशेषज्ञ निगरानी का यह समन्वय चारधाम यात्रा प्रबंधन को आधुनिक और भरोसेमंद बना रहा है।


Our News, Your Views