उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट, मसूरी में लौटी ठंड

Our News, Your Views

उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट, मसूरी में लौटी ठंड

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। बीते दिन प्रदेश के कई इलाकों में अचानक तेज बारिश, ओलावृष्टि और सर्द हवाओं ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिली है। वहीं मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी राज्य के अधिकांश जनपदों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। साथ ही 3800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का भी पूर्वानुमान जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार Uttarakhand के उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवाएं बढ़कर 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

इसके अलावा उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का भी अनुमान है, जिसके चलते मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना के मद्देनजर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी Dehradun में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

मसूरी में मई में महसूस हुई दिसंबर जैसी ठंड

Mussoorie में देर रात हुई तेज बारिश, ओलावृष्टि और ठंडी हवाओं ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया। सुबह होते-होते पूरा शहर घने कोहरे और बादलों की चादर में लिपटा नजर आया। बारिश के बाद तापमान में अचानक भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्म कपड़े पहनने पड़े।

गर्मी से राहत पाने मसूरी पहुंचे पर्यटक भी अचानक बदले मौसम से हैरान नजर आए। मॉल रोड और कैफे में पर्यटक कोहरे और बारिश का आनंद लेते दिखाई दिए। कई लोग बारिश में भीगते हुए वीडियो बनाते नजर आए, जबकि कुछ पर्यटक हाथों में कॉफी लेकर ठंडी हवाओं के बीच घूमते दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर भी मसूरी के मौसम के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।

दूनवासियों को हीटवेव से राहत

भीषण गर्मी से परेशान देहरादूनवासियों को गुरुवार रात हुई बारिश ने बड़ी राहत दी। राजधानी में देर रात हुई तेज बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम के अचानक बदले रुख से लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है।


 


Our News, Your Views