मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने तपोवन स्थित बजरंग सेतु और हिलान्स हिमालयन भोजनालय का किया निरीक्षण

Our News, Your Views

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने तपोवन स्थित बजरंग सेतु और हिलान्स हिमालयन भोजनालय का किया निरीक्षण

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव Anand Bardhan ने जनपद टिहरी गढ़वाल के तपोवन क्षेत्र में स्थित बजरंग सेतु का स्थलीय निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति और सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ओम प्रकाश ने सेतु की इंजीनियरिंग संरचना, तकनीकी विशेषताओं तथा निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी मुख्य सचिव को दी।

मुख्य सचिव ने सेतु निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को भी कहा।

इसके बाद मुख्य सचिव ने नरेंद्रनगर विकासखंड के प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर ने उन्हें प्रतिदिन आने वाले ग्राहकों की संख्या, दैनिक बिक्री तथा भोजनालय के संचालन से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस उद्यम को रीप परियोजना के तहत छह लाख रुपये, बैंक ऋण के रूप में तीन लाख रुपये तथा सीएलएफ योगदान के रूप में एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास अधिक से अधिक वृक्षारोपण सुनिश्चित करने तथा मेनू को स्पष्ट एवं सुव्यवस्थित तरीके से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटकों और अन्य आगंतुकों को बेहतर सुविधा मिलेगी और स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कहा कि स्थानीय स्तर पर पर्यटन, स्वरोजगार और आजीविका से जुड़े ऐसे प्रयासों को सरकार द्वारा और अधिक सशक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहलें न केवल स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने में सहायक हैं, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई गति प्रदान करती हैं।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।


Our News, Your Views