मुख्यमंत्री धामी ने ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप का किया औचक निरीक्षण, चारधाम यात्रियों की सुविधाओं का लिया जायजा

Our News, Your Views

मुख्यमंत्री धामी ने ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप का किया औचक निरीक्षण, चारधाम यात्रियों की सुविधाओं का लिया जायजा

ऋषिकेश। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर चारधाम यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पंजीकरण प्रक्रिया, स्वास्थ्य जांच, आवास एवं अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से यात्रा व्यवस्थाओं पर फीडबैक भी लिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को पंजीकरण के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े और पूरी प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य जांच केंद्रों का निरीक्षण करते हुए यात्रियों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बढ़ती गर्मी को देखते हुए ट्रांजिट कैंप में अतिरिक्त कूलर लगाने तथा पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर भीड़ प्रबंधन और त्वरित समस्या समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कैंप में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद करते हुए उन्हें अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने और “अतिथि देवो भव:” की भावना के साथ यात्रियों की सेवा करने की सलाह दी।

यात्रियों ने की व्यवस्थाओं की सराहना

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं से बातचीत कर यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। यात्रियों ने पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, आवास तथा अन्य सुविधाओं को संतोषजनक बताते हुए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।

कई बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें आशीर्वाद दिया और यात्रा को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने भी यात्रियों का कुशलक्षेम जाना और उन्हें सुरक्षित एवं सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल बना आकर्षण का केंद्र

ट्रांजिट कैंप में श्रद्धालुओं के लिए एलईडी स्क्रीन के माध्यम से रामायण और महाभारत के प्रसारण की विशेष व्यवस्था की गई है। यात्रियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे प्रतीक्षा के दौरान उन्हें आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण का अनुभव हो रहा है।

उत्तर प्रदेश से आई श्रद्धालु कामिनी ने बताया कि उन्होंने गुरुवार से अपनी चारधाम यात्रा शुरू करने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि कैंप में कूलर, पंखे, पेयजल और अन्य सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं तथा रामायण के प्रसारण से समय भी अच्छी तरह व्यतीत हो रहा है।

वहीं आजमगढ़ से आए शुभम ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ चारधाम यात्रा पूरी कर वापस ऋषिकेश पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा शुरू करते समय भी उन्होंने ट्रांजिट कैंप की सुविधाओं का लाभ लिया था और व्यवस्थाएं अच्छी होने के कारण वापसी में भी यहां ठहरने का निर्णय लिया।

मध्य प्रदेश से आए ओमप्रकाश ने भी ट्रांजिट कैंप की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बताया कि उन्होंने कैंप में भोजन किया और स्वास्थ्य जांच भी करवाई।

लंगर सेवा के साथ स्थानीय उत्पादों को मिल रहा बढ़ावा

ट्रांजिट कैंप परिसर में श्रद्धालुओं के लिए निरंतर लंगर एवं नि:शुल्क भोजन-पानी की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पाद और स्वरोजगार से जुड़े सामानों की बिक्री के लिए स्टॉल भी लगाए गए हैं।

इन स्टॉलों के माध्यम से एक ओर जहां स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर भी प्राप्त हो रहा है।


Our News, Your Views