नीट पुनर्परीक्षा और UKSSSC परीक्षा की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव सख्त, जिलाधिकारियों को दिए निर्देश

Our News, Your Views

नीट पुनर्परीक्षा और UKSSSC परीक्षा की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव सख्त, जिलाधिकारियों को दिए निर्देश

देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट पुनर्परीक्षा तथा 14 जून को प्रस्तावित उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि नीट पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और पूरी तरह लीक-प्रूफ तरीके से संपन्न कराया जाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, प्रभावी निगरानी तंत्र और सभी आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए परिवहन विभाग की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु शीघ्र शासनादेश जारी करने के निर्देश भी दिए। साथ ही मौसम विभाग द्वारा बारिश की संभावना जताए जाने के मद्देनजर जिलाधिकारियों को सड़कें बंद होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्थाएं और बैकअप प्लान तैयार रखने को कहा।

मुख्य सचिव ने 14 जून को आयोजित होने वाली उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा के संबंध में भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी परीक्षा से पूर्व आवश्यक जांच, संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन, परीक्षार्थियों की सघन चेकिंग तथा संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

बैठक में 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद स्तर पर आयोजन स्थलों पर सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके साथ ही प्रतिभागियों की सुविधा के लिए पर्याप्त वाहन पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

उन्होंने कहा कि परीक्षा आयोजन और योग दिवस जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश न छोड़ी जाए।


Our News, Your Views