खटीमा के बग्घा चौवन से मुख्यमंत्री धामी ने किया जनसंपर्क अभियान का शुभारंभ, मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं
खटीमा, 13 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को खटीमा के बग्घा चौवन क्षेत्र में आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” विशेष जनसंपर्क अभियान में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने छोलिया एवं थारू सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह दो दिवसीय खटीमा प्रवास पर हैं और अपने कार्यक्रमों की शुरुआत बग्घा चौवन से कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 12 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं और इस दौरान देशहित में अनेक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी निर्णय लिए गए हैं, जिनके परिणामस्वरूप भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में उभरा है।
जनकल्याणकारी योजनाओं का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शासन की बागडोर संभालने के बाद जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू कीं। उन्होंने कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान ने बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा को नई दिशा दी है।
उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अभियान ने स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया और करोड़ों परिवारों को शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराई। वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने का कार्य किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर जल योजना के जरिए दूरस्थ और जल संकट से प्रभावित क्षेत्रों तक भी स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के प्रयास किए गए हैं। इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
आयुष्मान योजना से मिली बड़ी राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में भी पात्र लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना को दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजनाओं में से एक बताते हुए कहा कि इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
कोरोना काल में गरीबों को मिला सहारा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान जब रोजगार और आजीविका पर संकट उत्पन्न हुआ, तब प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि भारत ने कोरोना काल में स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर न केवल अपने नागरिकों को निःशुल्क टीकाकरण उपलब्ध कराया, बल्कि अनेक देशों को भी वैक्सीन भेजकर वैश्विक सहयोग और मानवता का परिचय दिया।
उत्तराखंड में ऐतिहासिक फैसलों का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने तथा भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किए जाने का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि नकल माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है और अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां प्रदान की जा चुकी हैं।
क्षेत्रीय विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बग्घा चौवन क्षेत्र में भी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
