मसूरी में बम धमाके की धमकी से हड़कंप, नगर पालिका और एसडीएम कार्यालय को मिला ई-मेल
मसूरी, 23 जून। उत्तराखंड की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी मसूरी में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब नगर पालिका परिषद और एसडीएम कार्यालय को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। कथित तौर पर खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजे गए इस ई-मेल में मसूरी नगर पालिका कार्यालय सहित उत्तराखंड और दिल्ली के कई महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों पर बम विस्फोट करने की धमकी दी गई है।
धमकी भरे ई-मेल की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और खुफिया एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ई-मेल में कई सरकारी प्रतिष्ठानों और महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। सूचना मिलते ही मसूरी नगर पालिका परिसर और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस द्वारा संवेदनशील स्थलों की निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
मामले की जांच के लिए साइबर सेल को भी सक्रिय किया गया है। ई-मेल की उत्पत्ति और उसे भेजने वाले व्यक्ति या संगठन की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी प्रकार की घबराहट की स्थिति नहीं है और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत की गई है।
पुलिस ने नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि यदि किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
फिलहाल मसूरी में स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने के पक्ष में नहीं हैं। पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी है।
अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह धमकी किसी शरारती तत्व की करतूत है या इसके पीछे कोई संगठित साजिश छिपी हुई है।
