जन समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर, मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

Our News, Your Views

जन समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर, मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जन समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के साथ ही गढ़वाल आयुक्त और आईजी गढ़वाल को जन शिकायतों के निस्तारण में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जन समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब न हो तथा संबंधित लोगों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराई जाए।

इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से भेंट कर इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा एवं चारधाम यात्रा के सफल और सुरक्षित संचालन के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी और बेहतर प्रबंधन के कारण श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिली है।

वहीं विधायक भूपाल राम टम्टा ने भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात की और बुग्याल क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर स्थानीय हितों को प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उत्तराखंड के बुग्याल प्रदेश की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर हैं, जिनसे स्थानीय लोगों की आजीविका और पर्यटन गतिविधियां जुड़ी हुई हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय रोजगार, पर्यटन और आजीविका के हितों के बीच संतुलन स्थापित करने के प्रयासों की प्रशंसा की। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता जन समस्याओं का समयबद्ध समाधान और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का संतुलित विकास है। उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।


Our News, Your Views