देहरादून के फाइव स्टार होटलों में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी जांच, लिए गए नमूने
देहरादून। उत्तराखंड में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर प्रभावी रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने देहरादून और मसूरी रोड स्थित प्रमुख फाइव स्टार होटलों में विशेष जांच अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडे के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत कई प्रतिष्ठित होटलों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान विभागीय टीम ने Taj Hotel, Fairfield, JW Marriott, Hyatt Centric और Hyatt Regency सहित अन्य प्रतिष्ठानों के किचन, स्टोर, खाद्य पदार्थों के भंडारण, कच्चे माल की गुणवत्ता, पैकेज्ड खाद्य सामग्री और स्वच्छता व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की बारीकी से जांच की।
अभियान के दौरान Hyatt Regency से मसालों तथा JW Marriott से तैयार दाल के नमूने लेकर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान Hyatt Regency के स्टोर में उपलब्ध गुलकंद, इंपोर्टेड ऑर्गेनो और सौंफ के पैक्ड उत्पादों के संबंध में भी संबंधित निर्माताओं को आवश्यक दस्तावेज और गुणवत्ता संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। मामले में विभागीय कार्रवाई जारी है।
आयुक्त विनय शंकर पांडे ने कहा कि प्रदेशवासियों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चाहे सामान्य दुकान हो या फाइव स्टार होटल, सभी के लिए खाद्य सुरक्षा मानक समान रूप से लागू हैं।
उन्होंने कहा कि एनालॉग पनीर, गैर-दुग्ध उत्पादों या किसी भी प्रकार की मिलावटी एवं गैर-मानक खाद्य सामग्री के उपयोग और बिक्री की शिकायतों को विभाग गंभीरता से लेगा तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने अधिकारियों को होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी, मिठाई प्रतिष्ठानों और अन्य खाद्य कारोबारियों की नियमित एवं औचक जांच जारी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नमूना संग्रहण और प्रयोगशाला परीक्षण की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और देहरादून सहित पूरे जनपद में खाद्य प्रतिष्ठानों की औचक जांच, नमूना संग्रहण और गुणवत्ता परीक्षण की कार्रवाई लगातार की जाएगी।
अभियान के दौरान उपायुक्त गढ़वाल मंडल राजेंद्र रावत, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा देहरादून मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार सिंह सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
