देहरादून में नगर निगम का सफाई नायक ₹3 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, विजिलेंस ने रंगे हाथों दबोचा
देहरादून। उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने सोमवार को राजधानी देहरादून में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम के एक सुपरवाइजर/सफाई नायक को ₹3 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर चालान की रकम को रफा-दफा करने के एवज में अवैध धनराशि मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता की चांदचक रोड, बंजारावाला क्षेत्र में ऑटो पार्ट्स की दुकान है। दुकान के पास पानी फैला होने के चलते नगर निगम देहरादून के सुपरवाइजर/सफाई नायक अंकुश कुमार ने उत्तराखंड कूड़ा फेंकना एवं थूकना प्रतिषेध अधिनियम, 2016 के तहत ₹10 हजार का चालान काटा था।
आरोप है कि चालान को निपटाने और मामले को रफा-दफा करने के बदले आरोपी अंकुश कुमार द्वारा शिकायतकर्ता से ₹3 हजार की रिश्वत मांगी जा रही थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता सेक्टर देहरादून की टीम ने प्राथमिक जांच की, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर देहरादून के निर्देशन में गठित विशेष ट्रैप टीम ने सोमवार 25 मई 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी को उस समय रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया, जब शिकायतकर्ता ने उसे ₹3 हजार की रिश्वत दी।
विजिलेंस टीम अब आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
सतर्कता अधिष्ठान ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल टोल फ्री नंबर 1064 या भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन पर दें। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
