कार्यभार संभालते ही एक्शन मोड में दिखे देहरादून के नए DM डॉ. आशीष चौहान, अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी
देहरादून। देहरादून के नवनियुक्त जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कार्यभार संभालते ही प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर अपने सख्त तेवर साफ कर दिए हैं। सोमवार को जनपद के सभी जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से आयोजित पहली परिचय एवं समीक्षा बैठक में डीएम ने स्पष्ट कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जन अपेक्षाओं के अनुरूप परिणाम देना होना चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर हाल में समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में डीएम ने कार्यसंस्कृति में सुधार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित फील्ड विजिट और मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सुशासन का प्रभाव आम जनता को जमीन पर महसूस होना चाहिए।
मुख्यमंत्री घोषणाओं और विकास कार्यों की होगी लगातार मॉनिटरिंग
डीएम ने मुख्यमंत्री घोषणाओं और जनपद में चल रही विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
महिला सुरक्षा को दी प्राथमिकता
महिला सुरक्षा को प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए डीएम ने सार्वजनिक परिवहन को सुरक्षित बनाने, संवेदनशील क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था मजबूत करने तथा महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नशा, साइबर क्राइम और पॉक्सो मामलों पर सख्ती
युवाओं और बच्चों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्कूलों और कॉलेजों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए एन-कोर्ड (NCORD) व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। साइबर अपराध और पॉक्सो मामलों में भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क सुरक्षा और ब्लैक स्पॉट्स पर फोकस
डीएम ने सड़क सुरक्षा की नियमित समीक्षा करने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) को चिन्हित कर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
भू-माफियाओं और अवैध कब्जों पर कार्रवाई के निर्देश
भूमि संबंधी धोखाधड़ी और अवैध कब्जों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने राजस्व विभाग को संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
स्वच्छता और डेंगू नियंत्रण अभियान तेज करने के निर्देश
डीएम ने शहर के साथ-साथ जलाशयों और जल स्रोतों की सफाई में बड़ा बदलाव लाने तथा डेंगू नियंत्रण के लिए एक्टिव केस हंटिंग और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
अधिकारियों को मिला नया टास्क
बैठक के दौरान डीएम डॉ. आशीष चौहान ने सभी विभागों को जनहित से जुड़े कम से कम पांच नए महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य जिलों में लागू सफल नवाचारों को देहरादून में लागू करने की संभावनाएं तलाशने को भी कहा गया।
