उत्तराखंड में अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज चेतावनी जारी

Our News, Your Views

उत्तराखंड में अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज चेतावनी जारी

देहरादून। उत्तराखंड में आने वाले दिनों में बारिश का दौर और तेज होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के आधार पर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जिलों को अलर्ट जारी करते हुए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्यों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।

14 अगस्त को चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है।

इसके अलावा चम्पावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भारी बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।

15 अगस्त को पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट

स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को राज्य के सभी जनपदों में येलो अलर्ट रहेगा। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चम्पावत और बागेश्वर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी बनी हुई है।

16 अगस्त को फिर तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

16 अगस्त को चम्पावत, बागेश्वर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ सहित कई जिलों में भारी वर्षा और तेज बारिश के दौर की संभावना के चलते येलो अलर्ट रहेगा।

17 अगस्त को देहरादून और टिहरी पर विशेष नजर

17 अगस्त को देहरादून और टिहरी जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना जताई गई है। राज्य के अन्य जिलों में भी येलो अलर्ट लागू रहेगा।

मौसम की जानकारी लेकर ही करें यात्रा

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने आमजन से मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा से पहले मौसम की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

उन्होंने लोगों से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और जलधाराओं के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है। साथ ही आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, सड़क अवरोध, जलभराव और नदियों-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में नागरिकों से सतर्कता और सावधानी बरतने का आग्रह किया गया है।


Our News, Your Views