80वें स्वतंत्रता दिवस पर धामी का बड़ा विजन: युवा आयोग, औद्योगिक पार्क और स्वरोजगार योजनाओं समेत 7 बड़ी घोषणाएं

Our News, Your Views

80वें स्वतंत्रता दिवस पर धामी का बड़ा विजन: युवा आयोग, औद्योगिक पार्क और स्वरोजगार योजनाओं समेत 7 बड़ी घोषणाएं

देहरादून। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों, वीर सैनिकों, राज्य आंदोलनकारियों और आपदा प्रभावित परिवारों को नमन करते हुए उत्तराखंड के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, पुलिस अधिकारियों और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और उत्तराखंड भी इस विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2035 तक “विकसित उत्तराखंड” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सड़क, रेल, रोपवे, सिंचाई, पर्यटन और औद्योगिक विकास पर तेजी से कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, जमरानी, लखवाड़, किशाऊ और सौंग बांध परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश की कनेक्टिविटी और आधारभूत संरचना को मजबूत किया जा रहा है। वहीं केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के पुनर्निर्माण, केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, शारदा कॉरिडोर तथा शीतकालीन यात्रा जैसी पहलें धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई दे रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या 47 लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है, जबकि इस वर्ष कांवड़ यात्रा में 4 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी हरिद्वार कुंभ महापर्व नए रिकॉर्ड स्थापित करेगा।

युवाओं और रोजगार के विषय में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के लिए कार्य कर रही है। स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड स्थापित किया गया है। इसके अलावा सरकारी विद्यालयों के मेधावी छात्रों के लिए “मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना” के तहत निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था की गई है।

महिला सशक्तिकरण और किसान कल्याण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 3 लाख से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है, जबकि किसानों को 3 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण और कृषि उपकरणों पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की जीएसडीपी में पिछले एक वर्ष में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और राज्य का बजट एक लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुका है। उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और राज्य में स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर लगभग 1,750 हो गई है।

स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री की 7 बड़ी घोषणाएं

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़ी सात महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं—

  1. चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे।
  2. उत्तराखंड के प्रथम युवा आयोग की स्थापना की जाएगी।
  3. सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना के लिए विशेष सहायता दी जाएगी।
  4. वर्ग-3 एवं वर्ग-4 भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार प्रदान किए जाएंगे।
  5. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्यांश 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा।
  6. 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू की जाएगी, जिसमें आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों के सहयोग से प्रशिक्षण तथा बैंक ऋण पर 30 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा।
  7. बहादुर बच्चों को सम्मानित करने के लिए “बाल वीरता पुरस्कार” शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों का विश्वास सरकार के लिए केवल राजनीतिक समर्थन नहीं बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार विकास, विरासत, रोजगार और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण के साथ आगे बढ़ती रहेगी।


Our News, Your Views