Advt.
Advt.
Advt.

2027 चुनाव से पहले कांग्रेस ने सोशल मीडिया मोर्चे को किया मजबूत, नई टीम का गठन

Our News, Your Views

2027 चुनाव से पहले कांग्रेस ने सोशल मीडिया मोर्चे को किया मजबूत, नई टीम का गठन

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग में नई नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष (चेयरपर्सन) पद पर अभिनव थापरको नियुक्त किया गया है। वहीं सह-अध्यक्ष (को-चेयरपर्सन) के रूप में भारत शर्मा और हर्षित सिंह बिष्ट को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा समन्वयक (कोऑर्डिनेटर) के तौर पर मधुसूदन सुंदरीयाल, रोहित भट्ट, दिनेश चंद्र टम्टा और जसवीर कौर को नियुक्त किया गया है। कांग्रेस संगठन का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव में यह टीम पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

चुनावी रणनीति में सोशल मीडिया पर विशेष फोकस

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म आज चुनावी राजनीति का अहम हिस्सा बन चुके हैं। ऐसे में कांग्रेस का सोशल मीडिया संगठन को मजबूत करना आगामी चुनावों की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। नई टीम पार्टी के पक्ष को सोशल मीडिया पर प्रभावी ढंग से रखने के साथ-साथ राजनीतिक विमर्श और विभिन्न मुद्दों पर पार्टी की प्रतिक्रिया को भी तेजी से जनता तक पहुंचाएगी।

गणेश गोदियाल ने दी शुभकामनाएं

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि नई टीम उत्तराखंड कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग को और अधिक प्रभावी बनाएगी तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से जनता तक पहुंचाने का कार्य करेगी।

पहले भी किया गया था मीडिया ढांचे का विस्तार

गौरतलब है कि इससे पहले कांग्रेस ने मीडिया प्रबंधन को और अधिक संगठित बनाने के उद्देश्य से पांच मीडिया कोऑर्डिनेटरों की नियुक्ति की थी। उस दौरान पंखुड़ी पाठक को नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर बनाया गया था, जबकि प्रकाश मीणा, अरुण अग्रवाल, रितु चौधरी और आदित्य गर्ग को कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

ऐसे में माना जा रहा है कि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन अपने मीडिया और सोशल मीडिया नेटवर्क को मजबूत कर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।


Our News, Your Views