पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के बड़े भाई बृजमोहन सिंह रावत का निधन, सीएम धामी और हरीश रावत ने दी श्रद्धांजलि
देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के बड़े भाई बृजमोहन सिंह रावत का निधन हो गया। उनके निधन से परिवार में शोक की लहर है। दिवंगत बृजमोहन सिंह रावत को श्रद्धांजलि देने के लिए राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों का उनके आवास पर पहुंचने का सिलसिला जारी है।
गुरुवार को देहरादून के डिफेंस कॉलोनी स्थित त्रिवेंद्र सिंह रावत के आवास पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहुंचकर बृजमोहन सिंह रावत के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे। उन्होंने दिवंगत बृजमोहन सिंह रावत के अंतिम दर्शन कर पुष्प अर्पित किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस दुखद घड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
