देहरादून में 6 नवंबर को ट्रैफिक प्लान लागू, परेड ग्राउंड और पुलिस लाइन के आसपास जीरो जोन; धनतेरस पर भी बदलेगी यातायात व्यवस्था

Our News, Your Views

देहरादून में 6 नवंबर को ट्रैफिक प्लान लागू, परेड ग्राउंड और पुलिस लाइन के आसपास जीरो जोन; धनतेरस पर भी बदलेगी यातायात व्यवस्था

देहरादून। राजधानी देहरादून में 6 नवंबर को प्रस्तावित जनसभा, पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली अलंकरण परेड और धनतेरस के त्योहार को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। कार्यक्रमों और बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर शहर के कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा। वहीं, परेड ग्राउंड और पुलिस लाइन के आसपास जीरो जोन बनाया जाएगा। ऐसे में घर से निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान समझना जरूरी है, ताकि जाम और परेशानी से बचा जा सके।

परेड ग्राउंड के आसपास वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित

जनसभा के दौरान रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहा होते हुए लैंसडाउन चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सर्वे चौक से ओरिएंट चौक और लैंसडाउन चौक जाने वाले वाहनों को रोजगार तिराहे से कनक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। बुद्धा चौक से क्रॉस रोड जाने वाले वाहन एमकेपी होकर गुजरेंगे। वहीं, आराघर से ईसी रोड जाने वाले वाहनों को सीएमआई चौक, एमकेपी और बुद्धा चौक होते हुए सुभाष रोड की ओर भेजा जाएगा।

जनसभा में आने वाली बसों के लिए अलग व्यवस्था

जनसभा में शामिल होने के लिए आने वाली बसों के लिए भी अलग-अलग रूट और पार्किंग निर्धारित की गई है। हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाली बसें रिस्पना पुल, धर्मपुर, आराघर, द्वारका स्टोर और सर्वे चौक होते हुए रोजगार तिराहे तक पहुंचेंगी। यात्रियों को पानी की टंकी के पास उतारने के बाद बसें बन्नू स्कूल में पार्क होंगी।

रुड़की, भगवानपुर और आईएसबीटी से आने वाली बसें पटेलनगर मंडी, सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक, दर्शनलाल चौक और लैंसडाउन चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद बन्नू स्कूल में पार्क होंगी।

सहस्रधारा और रायपुर से आने वाली बसें सर्वे ऑफ इंडिया गेट के सामने तथा विकासनगर, चकराता और सहसपुर से आने वाली बसें दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इन बसों के लिए गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्किंग निर्धारित की गई है।

वीआईपी और सामान्य वाहनों के लिए पार्किंग

वीआईपी वाहनों के लिए शेड पार्किंग, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग और तिब्बती मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग निर्धारित की गई है। छोटे वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, काबुल हाउस पार्किंग और मंगला देवी इंटर कॉलेज में व्यवस्था रहेगी। बसों को बन्नू स्कूल ग्राउंड, गुरुद्वारा ग्राउंड और गुरु नानक ग्राउंड रेसकोर्स में पार्क किया जाएगा।

पुलिस लाइन के आसपास भी रहेगा जीरो जोन

पुलिस लाइन में अलंकरण परेड के दौरान नेगी तिराहा से पुलिस लाइन पेट्रोल पंप होते हुए बन्नू स्कूल चौक तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। नेगी तिराहा से बन्नू स्कूल जाने वाले वाहनों को गुरुनानक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, बन्नू चौक से नेगी तिराहा आने वाले वाहन गुरुनानक चौक और सूरी चौक होकर गुजरेंगे।

धनतेरस पर बाजारों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था

धनतेरस पर बाजारों में संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में पार्किंग की व्यवस्था की है। धर्मपुर बाजार आने वाले लोग रेसकोर्स क्षेत्र में, नेहरू कॉलोनी जाने वाले जीएसटी ऑफिस के दोनों ओर लिंक रोड पर और रिस्पना क्षेत्र में खरीदारी करने वाले राजीव नगर में विधानसभा तिराहे के पास वाहन पार्क कर सकेंगे।

प्रेमनगर बाजार के लिए दशहरा ग्राउंड और रायपुर शिव मंदिर बाजार आने वाले लोगों के लिए मालदेवता रोड पर पार्किंग निर्धारित की गई है। इसके अलावा पलटन बाजार आने वाले दोपहिया वाहन चालक गांधी इंटर कॉलेज और सीएनआई स्कूल में वाहन खड़े कर सकेंगे।

पलटन बाजार में लोडिंग वाहनों की नो एंट्री

पलटन बाजार में सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक लोडिंग वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को सुबह 10 बजे से पहले ही लोडिंग और अनलोडिंग का काम पूरा करना होगा। वन-वे व्यवस्था के तहत वाहन केवल राजा रोड से पीपल मंडी होते हुए दर्शनी गेट की ओर जा सकेंगे। व्यापारियों के वाहनों को टोकन के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा शहर में भारी वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा।

विक्रम और सिटी बसों के रूट भी बदलेंगे

धनतेरस और जनसभा के दौरान यातायात दबाव को देखते हुए विक्रम और सिटी बसों के संचालन में भी बदलाव किया गया है। विक्रम संख्या-3 धर्मपुर से प्रिंस चौक, तहसील चौक, एमकेपी और सीएमआई चौक होते हुए संचालित होंगे। विक्रम संख्या-5 और 8 रेलवे स्टेशन से वापस होंगे, जबकि विक्रम संख्या-2 सहस्रधारा क्रॉसिंग और विक्रम संख्या-1 ओरिएंट चौक तक ही संचालित होंगे।

प्रेमनगर और कोलागढ़ रूट के विक्रम बिंदाल कट से वापस होंगे। राजपुर रोड की सिटी बसें तहसील चौक, दर्शनलाल चौक और घंटाघर होते हुए चलेंगी। वहीं, रायपुर रोड से घंटाघर जाने वाली सिटी बसें सर्वे चौक और बहल चौक से होकर गुजरेंगी।

नो पार्किंग में वाहन खड़ा किया तो 1500 रुपये जुर्माना

यातायात पुलिस के मुताबिक नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन से वाहन टो किया जाएगा और 1500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों को अपनी बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खोलने के निर्देश भी दिए गए हैं। ऐसा नहीं करने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एसपी ट्रैफिक जया बलूनी ने आमजन से अपील की है कि त्योहारी सीजन में निजी वाहनों का कम से कम इस्तेमाल करें और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें। साथ ही अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए खरीदारी समय रहते पूरी कर लें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों की आवाजाही किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।

ऐसे में 6 नवंबर को देहरादून में घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट और पार्किंग की जानकारी जरूर कर लें, ताकि जाम और ट्रैफिक डायवर्जन के कारण आपको अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।


Our News, Your Views