उत्तरकाशी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड, 30 लकड़ी के भवन जलकर राख; सीएम धामी ने जताया दुख

Our News, Your Views

उत्तरकाशी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड, 30 लकड़ी के भवन जलकर राख; सीएम धामी ने जताया दुख

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के पवाणी गांव में मंगलवार को भीषण अग्निकांड से भारी नुकसान हुआ। आग की चपेट में आने से करीब 30 लकड़ी के भवन जलकर राख हो गए। बताया जा रहा है कि एक भवन में लगी आग के दौरान रसोई गैस सिलिंडर फटने से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते आसपास के भवनों तक फैल गई।

लकड़ी से बने भवनों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बाल्टियों सहित उपलब्ध संसाधनों के सहारे आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने आग को दूसरे भवनों तक फैलने से रोकने के भी प्रयास किए, लेकिन आग की भयावहता के चलते करीब 30 भवन इसकी चपेट में आ गए।

इस अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के सामने आवास और घरेलू सामान की व्यवस्था का संकट खड़ा हो गया है। आग में भवनों के साथ उनमें रखा सामान भी नष्ट होने की सूचना है। फिलहाल नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाना बाकी है।

तहसीलदार सरदार सिंह चौहान ने बताया कि पवाणी गांव में आग लगने की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है। टीम से घटनास्थल की स्थिति की जानकारी लेने के साथ ही नुकसान का आकलन कराया जाएगा।

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए जिला प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग की टीमों को आपसी समन्वय से काम करने तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।


Our News, Your Views