उत्तराखंड में प्रशासनिक फेरबदल, 17 IAS और अन्य अधिकारियों की बदली जिम्मेदारी, कई अहम विभागों में नए चेहरे

Our News, Your Views

उत्तराखंड में प्रशासनिक फेरबदल, 17 IAS और अन्य अधिकारियों की बदली जिम्मेदारी, कई अहम विभागों में नए चेहरे

शासन ने जारी किए तबादला आदेश, वित्त, खनन, आबकारी, आयुष, नियोजन और सहकारिता समेत कई विभागों के प्रभार में बदलाव

देहरादून। उत्तराखंड में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। शासन ने विभिन्न विभागों में तैनात वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव करते हुए 34 अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में आईएएस, आईपीएस, पीसीएस और सचिवालय सेवा के अधिकारी शामिल हैं। पुलिस विभाग में हुए बदलावों के अलावा सचिवालय और शासन स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण विभागों के प्रभार बदले गए हैं।

प्रशासनिक फेरबदल के तहत प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया गया है। इसका असर वित्त, खनन, आबकारी, आयुष, तकनीकी शिक्षा, खेल, नियोजन और सहकारिता जैसे महत्वपूर्ण विभागों पर पड़ा है।

एलएल फैनई को आबकारी, आर. राजेश कुमार को खनन की जिम्मेदारी

शासन के आदेश के अनुसार एलएल फैनई को प्रमुख सचिव आबकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दिलीप जावलकर से सचिव वित्त का प्रभार वापस लिया गया है। रंजीत कुमार सिन्हा को सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा बनाया गया है।

वहीं, बृजेश कुमार संत से खनन और आबकारी विभाग की जिम्मेदारी हटाकर उन्हें खेल विभाग का सचिव बनाया गया है। डॉ. आर. राजेश कुमार को औद्योगिक विकास (खनन) विभाग का सचिव और महानिदेशक खनन बनाया गया है। युगल किशोर पंत को सचिव तकनीकी शिक्षा की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि रंजना राजगुरु को सचिव नियोजन बनाया गया है।

अपर सचिव स्तर पर भी कई बदलाव

अपर सचिव स्तर पर भी कई अधिकारियों के विभाग बदले गए हैं। रीना जोशी को श्रम विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विनीत कुमार को जलागम के साथ अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का प्रभार दिया गया है। मनोज गोयल को अपर सचिव वित्त और मेहरबान सिंह बिष्ट को अपर सचिव गृह बनाया गया है।

अभिनव शाह को अपर सचिव सहकारिता के साथ निबंधक सहकारिता की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, अमित सिन्हा से विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण का प्रभार वापस लिया गया है।

पीसीएस और सचिवालय सेवा के अधिकारियों के भी तबादले

पीसीएस अधिकारियों में बीएस चलाल को निदेशक दुग्ध विकास और निदेशक महिला डेयरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इलागिरि को आयुक्त नागरिक आपूर्ति की जिम्मेदारी दी गई है।

सचिवालय सेवा में भी बदलाव करते हुए विक्रम सिंह यादव से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का प्रभार वापस लिया गया है, जबकि महिमा रौंकली को अपर सचिव वन बनाया गया है।

2027 में प्रशासन के सामने रहेंगी कई अहम चुनौतियां

उत्तराखंड के लिए वर्ष 2027 प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहने वाला है। प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं, वहीं हरिद्वार में अर्धकुंभ 2027 की तैयारियां भी प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल रहेंगी।

चुनाव के दौरान प्रशासनिक समन्वय, निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से लेकर अर्धकुंभ की तैयारियों तक शासन के विभिन्न विभागों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। ऐसे में सचिवालय और विभागीय स्तर पर किए गए इन बदलावों के बाद नई जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों के कामकाज पर भी नजर रहेगी।

अब देखना होगा कि नई तैनातियों के बाद विभागीय कामकाज और प्रशासनिक प्राथमिकताओं को किस तरह आगे बढ़ाया जाता है।


Our News, Your Views