उत्तराखंड के अगले 25 वर्षों का खाका तैयार होगा: सीएम धामी बोले – शुभ दिन शुरू हो गए हैं, आगे भी शुभ होगा

Our News, Your Views

उत्तराखंड के अगले 25 वर्षों का खाका तैयार होगा: सीएम धामी बोले – शुभ दिन शुरू हो गए हैं, आगे भी शुभ होगा

देहरादून।
राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के मौके पर उत्तराखंड एक नए विकास अध्याय की ओर कदम बढ़ा रहा है। शनिवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अब राज्य के अगले 25 वर्षों का रोडमैप तैयार किया जाएगा, जो “समृद्ध, आत्मनिर्भर और सशक्त उत्तराखंड” की दिशा में मार्गदर्शन करेगा।

चित्र साभार – सोशल मीडिया

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि उत्तराखंड ने 25 वर्षों की उल्लेखनीय यात्रा पूरी की है और अब राज्य विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य निर्माण की रजत जयंती के उपलक्ष्य में एक नवंबर से 11 नवंबर तक प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है, जिसमें पारंपरिक पर्व ‘इगास’ से शुरुआत होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “रजत जयंती वर्ष केवल उत्सव नहीं, बल्कि आत्ममंथन और संकल्प का अवसर है। इसी क्रम में राज्य के भविष्य का खाका भी प्रस्तुत किया जाएगा।”

कैबिनेट विस्तार पर बोले सीएम — ‘शुभ दिन शुरू हो गए हैं’
लंबे समय से चल रही कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं पर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “शुभ दिन शुरू हो गए हैं (देवउठनी एकादशी), आगे भी शुभ होगा।”

विशेष सत्र और प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन
मुख्यमंत्री ने बताया कि तीन और चार नवंबर को देहरादून में विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है, जिसमें तीन नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु विशेष सत्र को संबोधित करेंगी। नौ नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प देशवासियों के सामने रखा है। इसी भावना के साथ उत्तराखंड सरकार वर्ष 2050 के स्वर्ण जयंती वर्ष तक के लिए विकास का नया रोडमैप तैयार कर रही है।


Our News, Your Views