केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम अस्पताल का लोकार्पण, श्रद्धालुओं को मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं

Our News, Your Views

केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम अस्पताल का लोकार्पण, श्रद्धालुओं को मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं

पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को श्री केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड अस्पताल का विधिवत लोकार्पण किया। इस अस्पताल का संचालन स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस उच्च हिमालयी क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पताल की स्थापना स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगी। यह अस्पताल यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए भी अत्यंत लाभकारी साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड” के संकल्प को साकार करने के लिए प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आयुष्मान योजना के अंतर्गत अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से लाखों मरीजों को निशुल्क उपचार मिल रहा है। इसके साथ ही राज्य के प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी सरकार कार्य कर रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि श्री केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सेवा और मानवता का भी प्रतीक है। इसी भावना के साथ सरकार देवभूमि में स्वास्थ्य एवं जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में मौजूद आशा नौटियाल ने कहा कि यह अस्पताल सेवा, समर्पण और जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो भविष्य में लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


Our News, Your Views