नवरात्रि और नव संवत्सर पर भाजपा महिला मोर्चा का “शक्ति पूजन” अभियान, 304 मंडलों में होंगे कार्यक्रम

Our News, Your Views

नवरात्रि और नव संवत्सर पर भाजपा महिला मोर्चा का “शक्ति पूजन” अभियान, 304 मंडलों में होंगे कार्यक्रम

देहरादून। चैत्र नवरात्रि और नव संवत्सर के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा द्वारा उत्तराखंड में एक विशेष धार्मिक-सामाजिक अभियान शुरू किया जा रहा है। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 से 26 मार्च के बीच प्रदेश के सभी 304 मंडलों में “शक्ति पूजन” कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत हर मंडल स्तर पर मंदिरों में सामूहिक पूजा-अर्चना और कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। साथ ही, कीर्तन मंडलियों के माध्यम से इस पहल को बूथ स्तर तक विस्तारित किया जाएगा, ताकि गांव-गांव की महिलाएं इसमें सक्रिय रूप से भागीदारी कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए महिलाओं में आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। महिला मोर्चा का मानना है कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को एकजुट करने और समाज में उनकी भागीदारी को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने नव संवत्सर की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि केवल व्रत और पूजा का पर्व नहीं है, बल्कि यह नारी शक्ति के जागरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को संगठित कर उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना भी है।

उन्होंने आगे कहा कि महिला मोर्चा का लक्ष्य समाज की हर महिला को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना है। “शक्ति पूजन” अभियान महिलाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करेगा, जहां वे एकजुट होकर समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।


Our News, Your Views