खराब मौसम के बीच पीपलकोटी पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, टनल रेस्क्यू ऑपरेशन का करेंगे निरीक्षण

Our News, Your Views

खराब मौसम के बीच पीपलकोटी पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, टनल रेस्क्यू ऑपरेशन का करेंगे निरीक्षण

पीपलकोटी/देहरादून। चमोली जिले के पीपलकोटी स्थित टनल में श्रमिकों के फंसने की घटना के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को खराब मौसम के बावजूद पीपलकोटी पहुंचे। प्रतिकूल मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग कराई गई।

मुख्यमंत्री धामी घटनास्थल पर पहुंचकर टनल में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वह प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी लेंगे और आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के अनुसार वह रेस्क्यू अभियान में शामिल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे, ताकि बचाव कार्यों में तेजी लाई जा सके और टनल में फंसे श्रमिकों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकाला जा सके।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से भी मुलाकात करेंगे और उनका हालचाल जानेंगे। साथ ही उपचार और अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त करेंगे।

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि टनल में फंसे प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अन्य तकनीकी एजेंसियां युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।

फिलहाल घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है और सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।


Our News, Your Views